Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे अरुण जेटली-राजनाथ सिंह

लखनऊ। राजधानी लखनऊ से सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली को बहुमुखी प्रतिभा का धनी और एक बड़ा विधि विशेषज्ञ बताया है। जेटली के निधन की खबर मिलते ही राजनाथ सिंह अपने लखनऊ प्रवास के सभी कार्यक्रम निरस्त कर शनिवार को नई दिल्ली के लिये रवाना हो गये।
दिल्ली के लिये निकलते वक्त राजनाथ सिंह ने अपने लखनऊ स्थित आवास पर कहा कि अरुण जेटली बहुत बड़े विधि विशेषज्ञ एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उनके निधन से देश की एक अपूर्णनीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि जेटली पार्टी और सरकार में विभिन्न पदों पर कार्य चुके थे और बड़ी कुशलता पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन किया था।
राजनाथ सिंह ने कहा कि जेटली अद्भुत वक्तव्य क्षमता के धनी थे। संसद में जब वह बोलने के लिये खड़े होते थे तो सांसद ही नहीं दर्शक दीर्घा में भी बैठे लोग बड़े ध्यान से उनकी बातों को सुनते थे और जब वह कोई तर्क प्रस्तुत करते तो उनके सभी तर्क बड़े ही गम्भीर होते थे। 
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘मैं बराबर कहा करता था कि अरुण जी पार्टी और सरकार के लिये ही नहीं बल्कि पूरे देश के भी असेट्स थे। वह इधर काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। हम सबको ऐसा लगता था कि अरुण जी ठीक होकर एक बार हम लोगों के बीच होंगे लेकिन अब वह नहीं रहे। हम उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और अब मैं दिल्ली जा रहा हूँ वहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करूंगा।’ 
राजनाथ सिंह शुक्रवार से ही अपने तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ में थे। शनिवार सुबह वह लखनऊ पूर्व विधानसभा के सुग्गामऊ गांव में जन समागम कार्यक्रम में शामिल हुए थे। शाम को उन्हें सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई में कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शिरकत करना था। लेकिन जेटली के निधन के बारे में उन्हें जैसे ही पता चला उन्होंने लखनऊ का सारा कार्यक्रम निरस्त कर दिया और नई दिल्ली के लिये रवाना हो गये।
गौरतलब है कि 66 वर्षीय अरुण जेटली का आज दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। गंभीर बीमारी के चलते वह नौ अगस्त से ही एम्स में भर्ती थे।