Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

जैन साध्वियों ने किया चातुर्मासिक मंगल प्रवेश चातुर्मास में अध्यात्म का बांटे उजियारा: साध्वीश्री सुमन

सिरसा। आचार्यश्री महाश्रमण जी की विदुषी शिष्या शासनश्री साध्वी सुमनश्री ने शुक्रवार को अन्य जैन साध्वियों के साथ तेरापंथ जैन भवन में मंगल प्रवेश किया। इस अवसर पर महिला मंडल की केसरिया गणवेश पहनी पदाधिकारियों व स्कूली बालिकाओं सहित तेरापंथ सभा के पदाधिकारियों के साथ श्रावक श्राविकाओं, युवक परिषद कन्या मंडल के शानदार जुलूस के साथ जैन साध्वियों ने परशुराम चौक व भगत सिंह चौक से होते हुए जैन भवन में प्रवेश किया। इस मौके पर महिला मंडल व कन्या मंडल ने सुमधुर स्वागत गीतों से माहौल भक्तिमय बना दिया। ज्ञानशालाओं के बच्चों ने फाइवस्टार महाश्रमण मोल की प्रस्तुति से साध्वियों का अभिनंदन किया। गायक अमित सिंघी ने भी इस अवसर पर मधुर भजन प्रस्तुत किया। इस दौरान शासनश्री साध्वी सुमनश्री ने श्रद्धालुओं से कहा कि पूज्यप्रवर की ऊर्जा व आशीर्वाद से हम सानंद लक्षित मंजिल तक पहुंच गए हैं।

संत जहां जाते हैं वहां अध्यात्म का वसंत लौट आता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि आप इस प्रवास के दौरान अध्यात्मक की फसल उगाएं व जप तप सामयिक व्रत संयम के मोतियों से अपनी झोली भर लें। संतों का समागम प्रवास भाग्य से गुरुकृपा से मिलता है। उन्होंने आह्वान किया कि पूरे चार माह में होने वाले आध्यात्मिक कार्यों की गंगा बहाकर सिरसा शहर को और अधिक धर्मध्यान से सरस बना दें। साध्वी सुरेखा, मधुरलता व शालीनप्रभा ने भी इस अवसर पर सुंदर सामयिक विचारों के साथ चातुर्मास को सफल बनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में मंच संचालन मंत्री राजेश पुगलिया ने किया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम के दौरान सिरसा सभा के अध्यक्ष देवेंद्र डागा, महिला मंडल अध्यक्ष सुमन गुजरानी, शासनसेवी पदम जैन, तेयुप अध्यक्ष आनंद सुराणा, अणुव्रत समिति अध्यक्ष रविंद्र गोयल, सभा उपाध्यक्ष चंपालाल जैन, श्रद्धानिष्ठ श्रावक हनुमानमल गुजरानी, हरियाणा प्रांतीय सभा के अध्यक्ष मक्खनलाल गोयल ने भी अपने विचार रखे।