Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पलायन कर गांव में आने की दी थी सूचना, महिला की गोली मारकर हत्या

कोरोना वायरस के देशभर में लगातार बढ़ते मामलों के बीच उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव अन्नीपुर में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए महानगरों से पलायन करके गांव पहुंचे लोगों की सूचना देने पर विवाद खड़ा गया। विवाद के बाद एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, मैनपुरी के गांव अन्नीपुर में रोजगार सेवक विनय यादव ने दो दिन पहले प्रशासन को गांव में महानगरों से लौटकर आने वालों की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया था।

बुधवार को इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोगों का रोजगार सेवक से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि नामजद लोग असलाह लेकर रोजगार सेवक के घर पर पहुंच गए और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली रोजगार सेवक की भाभी संध्या यादव को लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं फायरिंग करने वाले मौके से भाग निकले हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष रुपेश वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।