Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भारतीयों ने दुनिया भर में मनाया आजादी का जश्न

 

 

 

 

बीजिंग/मेलबर्न। भारतीयों ने दुनिया भर में उल्लासपूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाया। भारत के 73 वें स्वाधीनता दिवस पर विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों व दूतावासों में झंडोत्तोलन किया गया और राष्ट्रगान गाया गया। यह जानकारी गुरुवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन, ऑस्ट्रेलिया और कई अन्य देशों में भारतीयों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इस अवसर पर देशभक्ति के गीत गाए गए। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों ने भाग लिया।

चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिसरी ने इंडिया हाउस में तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के राष्ट्र के नाम संबोधन को पढ़ा। भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए मिसरी ने कहा कि इस साल भारत और चीन अपने द्विपक्षीय संबंधों के एक महत्वपूर्ण चरण में हैं। साल 2020 में दोनों देश अपने बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने के लिए तैयार हैं।

ऑस्ट्रेलिया में, कैनबरा में भारतीय उच्चायोग और मेलबर्न, सिडनी और पर्थ में वाणिज्य दूतावास भवनों में आयोजित झंडोत्तोलन समारोहों में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों ने हिस्सा लिया।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने इस अवसर पर भारतीय प्रवासी को शुभकामनाएं दी और कहा कि यह समुदाय ‘‘आधुनिक, बहुसांस्कृतिक ऑस्ट्रेलिया का एक समृद्ध और जीवंत हिस्सा बन गया है।’’

ऑस्ट्रेलिया और भारत को ‘‘घनिष्ट मित्र और साझेदार’’ बताते हुए मॉरिसन ने कहा कि दोनों रदेशों के लोग आशावाद और विश्वास को साझा करते हैं।

कैनबरा में भारतीय उच्चायुक्त ए एम गोंडाने ने भारतीय प्रवासियों की मौजूदगी में झंडा फहराया।