Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कोरोना का अगला सबसे बड़ा ‘शिकार’ बनेगा भारत, एक महीने में इतने गुना बढ़ेंगे मरीज!

 

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (COVID-19) ने बुधवार को 10 और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। अब मामले 153 हो गए हैं। इसमें सेना का एक जवान भी शामिल है। इनमें 25 विदेशी हैं, जबकि तीन लोगों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे ज्यादा 42 पॉजिटिव केस है।

भारत कोरोना वायरस का अगला सबसे प्रमुख केंद्र बन सकता है। यानी चीन, इटली, ईरान के बाद भारत में यह संक्रमण बहुत ज्यादा प्रभावी हो सकता है। क्योंकि भारत में जो तैयारियां हैं इसे लेकर, वह बाकी एशियाई देशों की तुलना में कम और अपर्याप्त हैं।

ये आशंका जाहिर की है डॉक्टर टी. जैकब जॉन ने। डॉक्टर जॉन इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च सेंटर (आईसीएमआर) के एंडवांस्ड रिसर्च इन वायरोलॉजी सेंटर के पूर्व चीफ रह चुके हैं। डॉ. जैकब  ने कहा है कि भारत का मौसम और जनसंख्या इस वायरस को फैलाने के लिए काफी है। क्योंकि लोग इलाज से और क्वारंटीन से बचने के लिए भाग रहे हैं। कोरोना वायरस महामारी में भारत वर्तमान में स्टेज 2 पर है।

डॉ. टी. जैकब जॉन भारत सरकार के पोलियो मुक्त अभियान की सलाहकार समिति में भी थे। साथ ही वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज स्थित नेशनल एचआईवी/एड्स रिफरेंस सेंटर के प्रमुख भी रह चुके हैं।

डॉ. जैकब जॉन ने कहा कि भारत के लगभग हर शहर में एक इलाका ऐसा होता है जहां लोगों के घरों और लोगों के बीच की दूरी बेहद कम होती है। इस हालात में कोरोना वायरस के फैलने का खतरा और बढ़ जाता है।

डॉ. जैकब जॉन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी तक कोरोना मरीजों की संख्या धीमी गति से बढ़ रही है। लेकिन 15 अप्रैल तक कोरोना मरीजों की संख्या में 10 से 15 गुना ज्यादा हो जाएगी। क्योंकि देश में कोरोना वायरस को लेकर उठाए गए कदम पर्याप्त नहीं हैं।

कोरोना वायरस चार स्टेज में फैलता है

Stage 1 : ऐसा तब होता है जब मामले प्रभावित देशों से आते हैं। मतलब सिर्फ विदेश यात्रा करके आने वालों के कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाए जाते हैं।

Stage 2: जब संक्रमित व्यक्तियों से स्थानीय लोगों में वायरस फैलने लगता है तो यह स्टेज 2 के अंतर्गत आता है। उदाहरण के लिए विदेश यात्रा करके आए लोगों के रिश्तेदार या परिचित। भारत फिलहाल इसी स्टेज पर है. इस स्टेज में कम लोग प्रभावित होते हैं। क्योंकि वायरस का स्रोत ज्ञात है और चेन को ट्रेस करना आसान है। कम्युनिटी ट्रांसमिशन के बाद यह मुश्किल हो जाता है।

Stage 3: इस वायरस का तीसरा चरण कम्युनिटी ट्रांसमिशन है। इससे किसी भी देश का बहुत बड़ा क्षेत्र प्रभावित होता है। स्टेज 3 में बीमारी देश के अंदर मौजूद संक्रमित लोगों से वहीं के दूसरे लोगों में फैलने लगती है। इस स्थिति में पॉजिटिव पाए गए लोग यह नहीं जानते हैं कि उनमें वायरस कहां से आया है। इटली और स्पेन अभी इसी स्टेज में हैं।

Stage 4: चीन अभी इस बीमारी के चौथे चरण में हैं। इस स्टेज में बीमारी महामारी का रूप ले लेती है और यह पता नहीं होता है कि इसका खात्मा कब होगा।

आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा, ‘हम पहले से ही जानते हैं कि हम स्टेज 2 में हैं। हम स्टेज 3 में नहीं हैं। तीसरा चरण कम्युनिटी ट्रांसमिशन है, जो हमें उम्मीद है कि देश नहीं होना चाहिए।’

देश में 148 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या

भारत में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 148 हो गई है। इनमें 123 भारतीय हैं और 25 विदेशी शामिल हैं। 14 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं, वहीं, तीन लोगों की मौत हो चुकी है। 5700 से अधिक लोगों की निगरानी की जा रही है। ये आंकड़े बुधवार सुबह नौ बजे तक के हैं।

भाजपा सांसद सुरेश प्रभु ने खुद को किया अलग

भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने अपने आवास पर खुद को 14 दिनों के लिए एकांतवास (क्वारांटाइन) में रख लिया है। उनकी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है, इसके बावजूद एहतियातन उन्होंने यह कदम उठाया है। वह 10 मार्च को सऊदी अरब में शेरपास बैठक में हिस्सा लेकर लौटे हैं।

पुणे में एक और व्यक्ति कोरोना संक्रमित

पुणे के जिलाधिकारी नवल किशोर राम ने कहा, पुणे में एक और शख्स कोरोना वायरस की चपेट में पाया गया है। शख्स फ्रांस और नीदरलैंड की यात्रा करके आया है। पुणे में पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 18 और महाराष्ट्र में 42 हो गई है।

सेना का जवान कोरोना संक्रमित

लद्दाख में तैनात भारतीय सेना का एक जवान कोरोना संक्रमित पाया गया है। जवान के पिता ने ईरान की यात्रा की थी। सेना में कोरोना संक्रमण का यह पहला पॉजिटिव मामला है। सेना के सूत्रों ने बताया कि लद्दाख स्काउट के 34 वर्षीय जवान के पिता ईरान गए थे और 27 फरवरी को वापस लौटे थे। उसके पिता को 29 फरवरी से पृथक रखा गया था और उनकी कोरोना जांच भी पॉजिटिव आई थी।

आज से वैष्णो देवी यात्रा बंद, अंतरराज्यीय बसों पर भी प्रतिबंध

जम्मू और कश्मीर सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग के अनुसार माता वैष्णो देवी यात्रा आज से बंद कर दी गई है। जम्मू-कश्मीर से आने और जाने वाली सभी अंतरराज्यीय बसों के परिचालन पर भी आज से प्रतिबंध लगा दिया गया है।