Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उत्तर प्रदेश में बिना मास्क के निकले तो कटेगा चालान, इतने रुपए देकर लेने होंगे 2 मास्क

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढोतरी हो रही है। इसके बावजूद अब प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन के चौथे चरण में कई क्षेत्रों में छूट देने का ऐलान किया था, जिसकी वजह से अब सड़कों पर भी भीड़ नजर आने लगी है।

हालांकि इस दौरान लोगों को कोरोना के खिलाफ सुरक्षा के लिए सख्त फैसले भी लिए जा रहे हैं। जिसके चलते अब अगर यूपी में कोई भी शख्स बिना मास्क के पकड़ा जाएगा, तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के अपर प्रमुख सचिव, गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि अब अगर कोई भी शख्स बिना मास्क के पकड़ा जाता है, तो उस पर 100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा और साथ ही उसे मौके पर ही 10 रुपए में 2 मास्क भी दिए जाएंगे। इन मास्क को उसे पहनना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के दृष्टिगत प्रदेश में लॉकडाउन अवधि में पुलिस विभाग की ओर से अभी तक मास्क न पहनने वाले 13 हजार से ज्यादा लोगों का चालान किया गया है। धारा 188 के तहत 58,436 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जबकि चेकिंग के दौरान 22 करोड़ 21 लाख 42,851 रुपए शमन शुल्क के रूप में वसूला है। उन्होंने यह भी बताया है कि आवश्यक सेवाओं के लिए कुल 2,66,817 वाहनों का परमिट भी जारी किया गया है।