Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

राज्यपाल का छलका दर्द : कहा-कहीं जाता हूं तो पुलिस अधीक्षक भी रिसीव करने नहीं आते 

 

 

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में राजभवन और राज्य सरकार के बीच जारी टकराव की वजह से अधिकारियों के रवैए को लेकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ का दर्द बुधवार को छलका है। मुर्शिदाबाद के डोमकल में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे राज्यपाल रास्ते में नदिया जिले के कृष्णानगर सर्किट हाउस में रुके थे। यहां उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का बहुत दुख होता है कि वह कहीं जाते हैं तो एक पुलिस अधीक्षक भी उन्हें रिसीव करने के लिए नहीं आते। यह देश के संघीय ढांचे के विपरीत आचरण है।
 इस दौरान राज्य सरकार की ओर से उन्हें हेलीकॉप्टर नहीं मुहैया कराए जाने को लेकर भी उन्होंने दुख व्यक्त किया। राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी मुर्शिदाबाद में ही प्रशासनिक बैठक करने गई हैं। उन्हें भी हेलीकाप्टर मिला हुआ है। राज्यपाल ने कहा कि ममता बनर्जी राज्य की चुनी हुई मुख्यमंत्री हैं इसलिए उन्हें हेलीकॉप्टर मिलता है तो इससे उन्हें कोई ऐतराज नहीं है लेकिन उन्हें राज्य सरकार लगातार उपेक्षित कर रही है जो दुख पहुंचाने वाला है।
 तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल पर समानांतर प्रशासन चलाने का आरोप लगाया था। इस बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दावा निराधार है। कोई भी इसे साबित नहीं कर सकता। राज्यपाल ने कहा ” मुझ पर समानांतर प्रशासन चलाने का आरोप लगाने वालों को सोचना चाहिए कि मैं अगर कहीं जाता हूं तो मुझे रिसीव करने के लिए पुलिस अधीक्षक भी नहीं आते। ऐसे में किस आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि मैं समानांतर प्रशासन चला रहा हूं।”  उल्लेखनीय है कि आजकल किसी न किसी मुद्दे को लेकर राज्यपाल और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच वाक युद्ध चल रहा है।