Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

तबलीगी जमात के लोगों पर शिकंजा, हरियाणा में 107 और हिमाचल में 24 के खिलाफ FIR

तबलीगी जमात के लोगों के कारण देश में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। विभिन्न राज्यों में इन पर कार्रवाई की गई है। हरियाणा गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयवर्धन ने कहा कि तबलीगी जमात के 107 लोग, जो पर्यटक वीजा पर भारत आए हैं, उनकी पहचान राज्य में की गई है और अब उन्हें क्वारंटाईन में रखा गया है तथा इसके खिलाफ पलवल, फरीदाबाद, पानीपत, अंबाला और नूंह में एफआईआर भी दर्ज की गई है और कानून के तहत जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

विजयवर्धन ने आज यहां स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोडा और पुलिस महानिदेशक मनोज यादव के साथ संयुक्त रूप से डिजिटल संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हालांकि तबलीगी जमात के लोगों ने राज्य के विभिन्न जिलों में प्रवेश किया, लेकिन नूंह में ऐसे लोगों की अधिकतम संख्या की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि 15,850 प्रवासी मजदूरों को 228 राहत शिविरों में रखा गया है। राज्य में 573 राहत शिविर/आश्रय गृह स्थापित किए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में तबलीगी जमात के तीन लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि के बाद शासन-प्रशासन अलर्ट पर है तथा बाहरी राज्यों से लौटे जमातियों की खोजबीन की जा रही है। प्रशासन ने अब तक 204 जमातियों की पहचान कर ली है, जो कि दिल्ली के निजामुददीन स्थिति मरकज व अन्य राज्यों से वापिस आए हैं। इन सभी को क्वारंटीन में डाल दिया गया है। बीते 24 घंटों में 14 जमातियों को ढूंढा गया है। केंद्र ने हिमाचल सरकार को 800 के करीब लोगों की सूची सौंपी है, जिनकी लोकेशन मार्च के महीने में दिल्ली के निजामुददीन स्थित मरकज या इसके निकट पाई गई थी।

पुलिस ने अब तक 24 जमातियों के विरूद्व मामला दर्ज किया है, जो कि तबलीगी जमात से आने के बाद छुप कर रह रहे थे और इन्होंने प्रशासन को अपने आने की सूचना नहीं दी। राज्य के पुलिस महानिदेशक एस.आर.मरड़ी ने शुक्रवार को बताया कि शिमला में 11, ऊना में 9, बद्दी में 2, कांगड़ा व बिलासपुर में एक-एक जमातियों के विरूद्व प्राथमिकी दर्ज की गई है।