Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

किसान के बेटे ने साइकिल से बनाई इलेक्ट्रिक बाइक, सिंगल चार्ज में चलेगी 60 KM!

 

सीतापुर। देश भर में इस समय इलेक्ट्रिक कार, बाइक व साइकिल की धूम मची हुई है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच इस तरह के वाहन लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। वहीं, बढ़ते प्रदूषण के नाते इस तरह के यंत्रों को पर्यावरण प्रेमी भी खूब महत्व देते हैं।

इन सबके बीच उत्तर प्रदेश में सीतापुर जनपद के सुदूर क्षेत्र में रहने वाले एक किसान के प्रतिभाशाली बेटे ने अपने पिता के साथ मिलकर साइकिल में इले​क्ट्रिक मोटर और बैटरी का प्रयोग करके इले​क्ट्रिक बाइक बनाई है।

लहरपुर तहसील के रमना फार्म हाउस में रहने वाले जोवन सिंह लखनऊ विश्वविद्यालय में जीव विज्ञान वर्ग से बीएससी तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। जोवन अपने किसान पिता सुरेंद्र सिंह पर कोई अतिरिक्त बोझ न पड़े इसके लिए पढ़ाई का खर्च खुद उठा ही रहे हैं। इसके साथ साथ वह अपने परिवार को भी यथासंभव आर्थिक मदद कर रहे हैं। इसी दौरान उनके मन में साइकिल से इले​क्ट्रिक बाइक बनाने का विचार आया। इस विचार को अपने पिता से साझा किया पिता ने भी इसमें उसकी मदद करने की ठान ली।

पिता लोहे की वेल्डिंग का भी काम करते हैं सो उन्होंने साइकिल का ऐसा फ्रेम तैयार किया जो इलेक्ट्रिक बाइक के बिल्कुल अनुरूप हो। जोवन सिंह ने अपनी रेंजर साइकिल के दोनों पहियों को उस फ्रेम में फिट किया। साइकिल का फ्रेम बनकर तैयार था, अब इसमें इलेक्ट्रिक उपकरणों को लगाने की बारी आई। जोवन ने मोटर, 12 वॉट की दो बैटरी, इंडीकेटर, तार, एलईडी, एक्सिलेटर आदि आनलाइन मंगवाया। शुरू में तो कई बार लगा कि यह प्रयोग सफल नहीं होगा, लेकिन पिता के हौसले व खुद की मेहनत के दम पर करीब दो से तीन महीने में जोवन सिंह ने इलेक्ट्रिक बाइक बना ली। इसमें कुल 15 हजार रुपये की लागत लगी।

अपनी मेहनत सफल होने पर जोवन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसका पहला प्रयोग जो सफल हुआ था। पिता भी अपने बेटे की इस उपलब्धि पर फूले नहीं समाते उनका कहना है कि जहां बड़े बड़े संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र इस तरह के उपकरण बनाने में लाखों रूपये खर्च कर रहे हैं। वहीं हमारे बेटे ने इतनी कम कीमत में साइकिल से इलेक्ट्रिक बाइक बना दी यह उनके लिए गर्व की बात है।

जोवन का कहना है यह इलेक्ट्रिक बाइक पूरी तरह से ईको फ्रेंडली है। कम लागत में तैयार होने वाली है। इससे एक घंटे में 25 किलोमीटर जाया जा सकता है। बैटरी चार्ज होने में चार घंटे का समय लगता है और एक बार फुल चार्ज होने पर साठ किलोमीटर तक की यात्रा की जा सकती है।