गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लहराया प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा

- 246 फीट ऊंचा यह तिरंगा प्रदेश का पहला और देश का सातवां सबसे ऊंचा ध्वज
- 15 किलोमीटर दूर से ही बनेगा गोरखपुर की पहचान
गोरखपुर। गोरखपुर के नाम अब एक और गौरव जुड़ गया है। गोरखपुर महोत्सव के के समापन के मौके पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़ ताल के किनारे लगाए गए प्रदेश के सबसे ऊंचे तिरंगे (246 फीट) को लहराया।
इस तिरंगे का जहां प्रदेश में पहला स्थान है वहीं देश में सातवां स्थान होगा। मुख्यमंत्री कोणार्क मंदिर की तर्ज पर बने जेट्टी प्रवेश द्वार और बुद्ध प्रवेश द्वार का भी लोकार्पण किया।
रामगढ़ ताल के किनारे लगाया गया प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा (246 फीट) गोरखपुर की नई पहचान होगा। लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा और रामगढ़ताल की सुंदरता में चार चाँद लगायेगा। गोरखपुर का यह तिरंगा 15 किमी दूर से ही नजर आएगा। वर्तमान में प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा गाजियाबाद के मुखर्जी पार्क में लगा है।जिसकी ऊंचाई 211 फीट है।
उद्योगपति अमर तुलस्यान ने गोरखपुर में प्रदेश का सबसे ऊंचे तिरंगे की योजना बनाई थी। दिसंबर 2017 में जिला प्रशासन से इसके लिए अनुमति मिल गई थी। इसका ढांचा तैयार कर तिरंगा लगाने वाली कंपनी ने इसका ट्रायल भी कर लिया था। इसी बीच नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से रामगढ़ ताल के किनारे किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक लगा दी गई। बाद में जीडीए की ओर से अनुमति मिलने के बाद यहां पोल खड़ा कर दिया गया। करीब एक साल से तिरंगा फहराने का इंतजार किया जा रहा था। अब 13 जनवरी को यह इंतजार खत्म हुआ।
देश के सबसे ऊंचे ध्वज (फीट)
बेलगाम कर्नाटक 360.8
अटारी बार्डर पंजाब 360
कोल्हापुर महाराष्ट्र 303
पहाड़ी मंदिर रांची 293
तेलीबांधा रायपुर 269
फरीदाबाद हरियाणा 250
गोरखपुर उत्तर प्रदेश 246
भोपाल मध्यप्रदेश237
मुखर्जी पार्क गाजियाबाद 211
कनॉट प्लेस दिल्ली 207
जयपुर राजस्थान 206