Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पूरे देश का विकास थमा, अभी और खराब होंगे हालात : राहुल गांधी

 

 

मुंबई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश का विकास पूरी तरह थम गया है। आगामी 5-6 महीनों में देश के हालात और भी खराब होने वाले हैं लेकिन इन मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाया जा रहा है। आम जनता यह सब समझ रही है। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेसी विचारधारा की नींव है, इसलिए यहां कांग्रेस पार्टी की सरकार बनना तय है। राहुल गांधी ने रविवार को लातूर जिले में स्थित औसा विधानसभा में कांग्रेस उम्मीदवार वसवराज पाटील की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

राहुल गांधी ने कहा कि किसानों से पूछो तो कहते हैं कि मोदी ने बर्बाद कर दिया। किसी भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ है लेकिन 15 अमीरों का 5.5 लाख करोड़ कर्ज माफ कर दिया गया है। जीएसटी के नाम पर गरीबों की जेब से पैसा निकाल कर अमीरों की जेब में डाला जा रहा है। देश में 2 हजार से ज्यादा कारखाने बंद हो गए हैं। करोड़ों की संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जो विकास की रफ्तार शुरू की थी, उसे समाप्त कर दिया गया है। ‘मेक इन इंडिया’ की जगह ‘मेक इन चाइना’ ने ले लिया है। देश के मजदूरों के हाथ का काम चाइना के मजदूरों को दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बारे में कुछ नहीं बोल रहे हैं। देश का मीडिया इस बारे में एक शब्द नहीं कहता।

राहुल गांधी ने कहा कि इस देश को सभी धर्म, सभी जाति के लोगों ने मिलकर बनाया है लेकिन देश को बांटने का काम किया जा रहा है। इस देश को जितना बांटा जा रहा है, उतना ही देश का विकास थम रहा है। फैक्टरियां बंद हो रही हैं लेकिन लोगों को चांद दिखाया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि यह नहीं भूलना चाहिए कि इसरो की स्थापना भी कांग्रेस ने ही की थी। राहुल गांधी ने कहा कि भले ही लोगों की समस्या पर मीडिया परदा डाल रहा है लेकिन देश की जनता यह सब समझ रही है। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा लोगों के दिल में है। महाराष्ट्र में तो कांग्रेस की विचारधारा की नींव है। यहां लोगों के खून में कांग्रेस की विचारधारा है, इसलिए महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाना तय है।