Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को इशारों ही इशारों में विपक्षी नेताओं के लिए कह दी बड़ी बात

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की काट ढूंढ रहे हैं लेकिन उन्हें यह मिल नहीं रही है। राजनीतिक विश्लेषकों के हवाले से राजनाथ ने यह भी कह दिया कि उनका मानना है कि 2029 के बाद ही उन्हें (विपक्ष) इस बारे में सोचना चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा कि सांगठनिक क्षमता, जनता से जुड़ाव और उनकी मुश्किलों की जमीनी समझ की वजह से प्रधानमंत्री आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं। वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह की पुस्तक ‘दि आर्किटेक्ट ऑफ दी बीजेपी’ के विमोचन के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘जनता से जुड़े रहिए, सफलता आपके कदम चूमेगी… यही प्रधानमंत्री मोदी का मूलमंत्र है।’ सिंह ने कहा कि मोदी के पास जो सांगठनिक क्षमता है, किसी दैवीय शक्ति के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मोदी का जनता से एक भावनात्मक रिश्ता बन गया है।

उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में कुछ राज्यों में NDA (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सरकार थी। आज जिसका विस्तार 16 राज्यों तक हो गया है। इस वक्त पूरे देश में 1300 से ज्यादा विधायक और 400 से ज्यादा भाजपा के सांसद हैं। सिंह ने कहा कि मोदी के रणनीतिक कौशल की विकास यात्रा कोई एक दिन में नहीं हुई है बल्कि देश में बरसों प्रवास कर उन्होंने लोगों को जाना है, देश को समझा है, आमजन की तकलीफें जानी हैं और उनसे संवाद किया है। उन्होंने कहा, ‘जाति और वर्ग की सीमाओं को तोड़ते हुए उन्होंने पार्टी के विस्तार का ऐसा मॉडल बनाया जिसका कोई तोड़ नहीं है।’ सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने प्रयोगों द्वारा भाजपा को चुनाव जीतने वाली मशीन में तब्दील कर दिया। उन्होंने कहा, ‘विचारधारा से कोई समझौता नहीं और कार्यों की वस्तुनिष्ठ समीक्षा उनके संगठन कौशल के मूलभूत मंत्र थे। यही बाद में पार्टी के उत्थान, निर्माण और विस्तार के कारण बने।’