Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

डिफेंस एक्सपो : रक्षा मंत्री राजनाथ ने मेडागास्कर से समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

 

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में डिफेंस एक्सपो 2020 के दूसरे दिन मेडागास्कर के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल रोकोटोनिरीना रिचर्ड के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

चर्चा के दौरान, रक्षा मंत्री ने समुद्री सुरक्षा क्षेत्र में संबंधों को प्रगाढ़ करते हुए सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि, समुद्री पड़ोसियों के रूप में दोनों देशों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे सुरक्षित समुद्री वातावरण विकसित करें ताकि दोनों देशों के बीच व्यापार और वाणिज्य तेजी से आगे बढ़े।

मार्च 2018 में राष्ट्रपति की मेडागास्कर की राजकीय यात्रा को रेखांकित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि इस ऐतिहासिक यात्रा ने दोनों देशों के बीच उत्कृष्ट द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित एमओयू ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के लिए एक सक्षम वातावरण प्रदान किया।

रक्षा मंत्री ने उम्मीद जतायी कि डेफएक्सपो 2020 दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करने और आपसी जुड़ाव के विभिन्न क्षेत्रों की खोज करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

लेफ्टिनेंट जनरल रोकोटोनिरीना रिचर्ड ने कहा कि समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाने में भारत की बड़ी भूमिका है। उन्होंने ‘ऑपरेशन वनिला’ के लिए अपनी सरकार की तरफ से आभार व्यक्त किया, जिसमें भारतीय नौसेना ने ‘चक्रवात डायन’ की वजह से मेडागास्कर के प्रभावित जनता को सहायता प्रदान किया था। मेडागास्कर के रक्षा मंत्री ने इस वर्ष 26 जून के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को आमंत्रित किया।