नई दिल्ली। कोरोना वायरस के कहर से जहां पूरी दुनिया के शेयर बाजार धराशायी हुए, वहीं शीर्ष 500 अरबपतियों की संपत्तियों में 444 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक डाउजोंस में पिछले सप्ताह 12 प्रतिशत तक की भारी गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2008 के वित्तीय संकट के बाद यह पांच दिन के सत्र में सबसे बड़ी गिरावट है। इससे निवेशकों के छह ट्रिलियम डॉलर डूब गए।
दुनिया के तीन सबसे अमीर लोगों में ऑमेजन.कॉम इंक के जेफ बेजोस, माइक्रोसॉफ्ट कार्पोरेशन के सह-संस्थापक बिल गेट्स और एलवीएमएच के चेयरमैन बर्नार्ड अरनौल्ट को सबसे बड़ा नुकसान हुआ, उनकी संयुक्त संपत्ति में लगभग 30 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। दुनिया के 25वें सबसे अमीर शख्स टेस्ला इंक के मालिक एलोन मस्क नौ अरब डॉलर के नुकसान के साथ इस मामले में चौथे स्थान पर रहे। उनकी कंपनी टेस्ला इंक के शेयर इस साल की शुरुआत में काफी तेजी से चढ़े थे और इनमें गिरावट से मस्क को भारी हानि उठानी पड़ी है। एलेन के पास 36.3 अरब डॉलर की संपत्ति है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय अरबपतियों को भी कोरोना वायरस से काफी नुकसान हुआ है। मुकेश अम्बानी के स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज को वर्ष 2020 में अब तक लगभग पांच अरब डॉलर की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इसी तरह, आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला को इस साल 884 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी को क्रमश: 869 मिलियन डॉलर और 496 मिलियन डॉलर की संपत्ति का नुकसान उठाना पड़ा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर इस साल अब तक लगभग 11 प्रतिशत तक गिर चुके हैं। यह नुकसान पिछले 15 दिनों में हुआ है।
दुनिया के शीर्ष 10 सबसे धनी व्यक्तियों को हुए नुकसान की सूची
अरबपति कंपनी विशुद्ध नुकसान
- जेफ बेजोस ऑमेजन 11.9 अरब डॉलर
- बिल गेट्स माइक्रोसाफ्ट 10 अरब डॉलर
- बर्नार्ड अरनॉल्ट क्रिश्चियन डायर- एलवीएमएच 9.1 अरब डॉलर
- 4. एलोन मस्क टेस्ला इंक 09 अरब डॉलर
- 5. वॉरेन बफेट बर्कशायर हाथवे 8.8 अरब डॉलर
- अमानसियो ओर्टेगा इंडीटेक्स 6.8 अरब डॉलर
- मार्क जकरबर्ग फेसबुक 6.6 अरब डॉलर
- लैरी पेज एल्फाबेट 6.4 अरब डॉलर
- कार्लोस स्लिम अमेरिका मोबिल 6.3 अरब डॉलर
- सर्गेई ब्रिन एल्फाबेट 6.2 अरब डॉलर