Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने क्यों कहा अधर में है पार्टी का भविष्य

नई दिल्लीः अंतर्कलह से जूझ रही कांग्रेस की मुसीबतें कम होने का नाम नही ले रही हैं। महाराष्ट्र और हरियाणा में जहां कांग्रेस के बड़े नेता बगावती तेवर अपनाए हुए हैं वहीं अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने भी पार्टी के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि पार्टी का भविष्य अधर में पड़ा हुआ है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी के अध्यक्ष पद को छोड़कर चले जाने से पार्टी का भविष्य अधर में पड़ गया है। कांग्रेस की जो हालत है, उसमें वह अपना भविष्य तय नहीं कर सकती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी समस्या यह है कि हमारे नेता हमें छोड़ कर चले गए हैं।

खुर्शीद ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी का कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ना हम सभी के लिए एक बड़ा झटका था। राहुल के इस्तीफे के बाद एक खालीपन पैदा हुआ है। यह संकट और विकराल तब दिखता है, जब सोनिया गांधी उनके स्थान पर अस्थायी तौर पर कमान संभाल रही हैं। हमारे नेता लगातार पार्टी को छोड़ रहे हैं। मौजूदा वक्त में पार्टी ऐसे स्तर पर पहुंच गई है कि यह अपना भविष्य तक नहीं तय कर सकती है।

पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि मैं नहीं चाहता था कि राहुल इस्तीफा दें। मैं मानता हूं कि पार्टी के सारे कार्यकर्ताओं की भी यही इच्छा थी कि वह पार्टी में बनें रहें और उसका नेतृत्व करें। सोनिया गांधी उनके स्थान पर अस्थायी तौर पर पार्टी की कमान संभाल रही हैं लेकिन वह अस्थायी व्यवस्था के तौर पर हैं। मैं पार्टी प्रमुख की अस्थाई व्यवस्था से खुश नहीं हूं। वास्तव में हमें एकजुट होकर पार्टी के हार के कारणों की समीक्षा करनी चाहिए थी।

खुर्शीद ने यह भी कहा कि राहुल पर अब भी पार्टी की निष्ठा है। वैसे यह पहली बार है जब किसी वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी के इस्तीफे के लिए ’पद छोड़ जाने’ जैसे शब्द का इस्तेमाल किया है। बता दें कि बीते लोकसभा चुनाव में 542 सीटों में से कांग्रेस केवल 52 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई थी जबकि प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में भाजपा ने साल 2014 की 282 सीटों के मुकाबले 303 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।