Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

महात्मा गांधी के आदर्शों की हत्या कांग्रेस ने ही सबसे ज्यादा की : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर उत्तर प्रदेश में विधानमंडल का विशेष सत्र शुरू हो गया है, जो अगले 36 घंटे तक लगातार चलेगा। ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसी खास अवसर पर सदन की कार्यवाही लगातार इतनी लंबी चलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष सत्र का बहिष्कार करने पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही सबसे ज्यादा गांधी के आदर्शों की हत्या की है, इसलिए गांधी जी ने कहा था कि कांग्रेस का विसर्जन कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विपक्ष की तुलना दुर्योधन से की।

योगी ने सदन में कहा कि जिन लोगों ने गांधी जी के नाम पर सत्ता चलाई, उनका गांधी जयंती के अवसर पर सदन का बहिष्कार करना बेहद शर्मनाक है। योगी ने कहा कि गरीबों के हक पर डाका डालना पहले की सरकारें अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती थी। सच्चाई सभी के सामने ना आ जाए, इसलिए विपक्ष ने अपने आपको सदन में इस चर्चा से अलग कर लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर विपक्ष इस बात पर चर्चा करता था कि हम पार्टी लाइन से हटकर अपनी बात रख सकें, ऐसा अनुकूल समय मिलना चाहिए। आज उसका मौका दिया गया था। मुझे आश्चर्य है कि इस पर सबने अपनी सहमति दी लेकिन अब जब सरकार आगे आयी है, तो विपक्ष नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘यह गरीबों, सदन और बापू का अपमान है। लोकसभा-2019 के चुनाव में जनता ने बता दिया है कि अब जातियां सिर्फ वोट के लिए नहीं है, अब सभी विकास के साथ हैं। इसी वजह से विपक्ष तिलमिलाया हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए स्वच्छता जरूरी है और उसी क्रम में सरकार बड़े स्तर पर काम कर रही है।

विधानसभा के विशेष सत्र को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी के आंदोलन से अनेक देशों ने प्रेरणा ली। दक्षिण अफ्रीका ने भी गांधी को प्रेरणा मानकर जीत हासिल की। वे कभी सूर्य ना अस्त होने वाले साम्राज्य को भी खत्म किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुरी शास्त्री को याद करते हुए कहा कि वे शांति और क्रान्ति के प्रतिमूर्ति थे। शास्त्री की क़ृषि नीति को आज भी याद किया जाता है। शास्त्री का प्रधानमंत्री कार्यकाल भले ही कम रहा हों पर वो हमेशा यादगार रहेगा।