Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

‘आप’ का तंज, भाजपा को कुछ इस अंदाज में दी नए साल की बधाई!

 

 

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आम आदमी पार्टी (आप) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमलावर हो गई है। आप ने भाजपा के सात नेताओं को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताते हुए सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं। इसके लिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में होर्डिंग भी लगाए गए हैं।

इस बधाई देने वाले होर्डिंग के शब्द कुछ ऐसे हैं कि आपको समझ नहीं आएगा कि आप, भारतीय जनता पार्टी को बधाई दे रही है या चुटकी ली रही है। इसके साथ ही आप ने सवाल किया है कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा।

आप ने एक होर्डिंग की तस्वीर ट्वीट की है, जिसमें लिखा है, ‘भाजपा के सातों मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों को नए साल की बधाई। मनोज तिवारी जी, गौतम गंभीर जी, विजय गोयल जी, डॉ. हर्षवर्धन जी, विजेन्द्र गुप्ता जी, प्रवेश वर्मा जी और हरदीप​ सिंह पुरी जी। इसके साथ ही पार्टी ने लिखा है, लेकिन सवाल है कि अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ कौन लड़ेगा।’

दरअसल, आम आदमी पार्टी मानती है कि दिल्ली में मुख्यमंत्री उम्मीदवार के लिए दिल्ली के मौजूदा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बेहद मजबूत हैं। इसलिए जिस तरह से लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी अन्य सभी विरोधी दलों से पूछा करती थी कि वह बताएं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने उनका प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन है? ठीक इसी तरह से आम आदमी पार्टी विरोधी पार्टी खासतौर से बीजेपी से लगातार पूछ रही है कि बीजेपी बताएं कि अरविंद केजरीवाल के सामने वह किसका चेहरा लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।

आप की मंशा है कि भाजपा अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित कर दे। आप मानकर चल रही है कि ऐसा होने पर उनके लिए चुनाव लड़ना रणनीतिक तौर पर आसान हो सकता है। 2015 के चुनाव में भाजपा की तरफ से किरण बेदी के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने से आप को फायदा हुआ था। अरविंद केजरीवाल के चेहरे के सामने उनका अभियान रंग नहीं ला सका था।