Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

केंद्र सरकार का नया कानून संविधान के खिलाफ : प्रियंका वाड्रा

 

आजमगढ़। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि केंद्र सरकार का यह नया कानून किसी संप्रदाय नहीं बल्कि संविधान के खिलाफ है। सरकार का काम है आवाम को सुरक्षा देना लेकिन यहां महिलाओं पर खुलेआम जुल्म ढाया जा रहा है। देश में जहां भी जुल्म होगा मैं वहां जाउंगी और पीड़ितों की लड़ाई लड़ने में सहयोग करूंगी।

सीएए, एनआरसी व एनपीआर के विरोध में प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज में घायल लोगों से मिलने के लिए बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा बिलरियागंज पहुंची। यहां पर घायल महिलाओं और उनके परिवार से मुलाकात की। प्रियंका ने बताया कि उनसे महिलाओं की बात हुई है। सीएए, एनआरसी के विरोध में धरने पर बैठी महिलाएं खुद उठने वालीं थीं, लेकिन पुलिस ने जानबूझकर ज्यादती की। रात में पार्क में पानी छोड़ा गया तो बर्बर तरीके से महिलाओं पर लाठीचार्ज की गयी। यह पूरी तरह संविधान व मानवता के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि बिलरियागंज में हुए जुल्म के बारे में मानवाधिकार आयोग से नाम सहित शिकायत करूंगी ताकि कोई दोषी बचने न पाए। किसी भी हालत में किसी को मनमानी नहीं करने दी जाएगी। प्रियंका गांधी से मिलने के बाद बिलरियागंज की महिलाएं भी काफी हद तक आश्वस्त नजर आयी कि उनके साथ न्याय होगा। उन्होंने प्रिंयका गांधी पर भरोसा जताया और कहा कि कम से कम कोई बड़ा नेता उनके दर्द को समझा और उनसे मिलने आया। नसरीन, आफरीन, आशमा शेख जैनब आदि ने बताया कि प्रिंयका गांधी से हमे न्याय का भरोसा मिला है। यहीं नहीं बच्चे भी प्रिंयका गांधी से प्यार और टाफी पाकर खुश नजर आये।

इधर बिलरियागंज कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ दिखी। लोग प्रियंका से मिलने की जद्दोजहद में जुटे रहे, लेकिन कोई भी स्थानीय नेता उनसे मुलाकात नहीं कर सका। अपराह्न करीब 2.20 बजे रोड शो करते हुए प्रियंका वाड्रा वाराणसी के लिए रवाना हो गयी।