Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कार में मिला डॉक्टर और महिला का शव, दोनों को गोली लगी

 

 

नई दिल्ली। रोहिणी जिले के प्रशांत विहार इलाके स्थित रोहिणी सेक्टर-13 इलाके में कार में एक महिला और एक पुरुष का शव मिलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दोनों को गोली लगी है। जांच में जुटी पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलू पर जांच कर रही है। मौके पर क्राइम और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्र करने के लिए बुलाया गया है।

रोहिणी जिले के डीसीपी एसडी मिश्रा ने बताया कि मृतकों की पहचान ओमप्रकाश कुकरेजा (62) व महिला की पहचान सुदीप्ता मुखर्जी (55) के रूप में हुई है। ओमप्रकाश पेशे से डॉक्टर थे, जबकि सुदीप्ता मुखर्जी निर्वाण नर्सिंग होम की एमडी हैं और ओमप्रकाश कुकरेजा उसी नर्सिंग होम में बतौर डॉक्टर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीबी रिश्ते थे। डीसीपी के अनुसार मौके से बरामद हथियार ओमप्रकाश की लाइसेंसी है।

क्या है घटना

जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश कुकरेजा परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-13 में रहते थे। ओमप्रकाश कुकरेजा का बड़ा बेटा देहरादून में डॉक्टर है जबकि बेटी यमुना विहार में डॉक्टर है। पुलिस को बुधवार सुबह 7.45 बजे सूचना मिली कि रोहिणी सेक्टर-16 के पास एक वेंटो कार में महिला व पुरुष अचेत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।

महिला शादी का डाल रही थी दबाव

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि डॉक्टर ओमप्रकाश कुकरेजा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पहले महिला की छाती में गोली मारी, फिर अपनी कनपटी से सटा कर गोली मारी। जांच में पता चला है कि दोनों का लव अफेयर था। महिला सुदीप्ता मुखर्जी ओमप्रकाश पर शादी का लंबे समय से दबाव बना रही थी, जिसकी वजह से वो परेशान था। ओमप्रकाश कुकरेजा की पत्नी हैंडीकैप है। पुलिस को घटनास्थल से कोई नोट नहीं मिला है। फिलहाल प्रशांत विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।