Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

लोकसभा चुनाव : पंजाब में प्रचार के लिए पहुंचे केजरीवाल को जनता ने दिखाए काले झंडे

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव का मतदान अब अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है। गौरतलब हो कि लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान देश भर में सात चरणों में मतदान किया जाना था। जिसमें से छह चरणों का मतदान सफलता पूर्वक संपन्न हो चुका है और सातवें चरण का मतदान आगामी 19 मई को होना है। जिसके बाद 23 मई को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। सातवें चरण के दौरान पंजाब की सभी 13 सीटों पर मतदान होना है।

ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां पंजाब में जोर-शोर से प्रचार अभियान में जुटी हुई हैं। इसी क्रम में दिल्ली की आम आदमी पार्टी भी पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए पहुंची थी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यहां के संगरूर से सांसद भगवंत मान के प्रचार के लिए जब पहुंचे, तो उन्हें वहां के लोगों ने काले झंडे दिखाए। बताते चलें कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सोमवार को पंजाब के संगरूर में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे हैं।

यहां पर एक रैली के बाद उन्हें जनसभा को भी संबोधित करना है लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में यहां से बेहतर प्रदर्शन करने वाली आम आदमी पार्टी को लोगों ने काले झंडे दिखाए हैं। वहीं भगवंत मान पंजाब में आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा हैं। यही वजह है कि पार्टी यहां पर पूरा जोर लगाने में जुटी हुई है।

बताते चलें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को पंजाब में 4 लोकसभा सीटों पर जीत मिली थीं। यह सफलता उनके लिए दिल्ली में जीत के बाद दूसरी बड़ी सफलता थी। ऐसे में आम आदमी पार्टी फिर से एक बार पिछले प्रदर्शन से भी बेहतर करने की उम्मीद में है लेकिन यहां पर अब दिल्ली के सीएम को काले झंडे दिखाए जा रहे हैं।