Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

रामपुर में भाजपा की जीत, आजम खान छोड़ सकते हैं राजनीति

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज़म खान का किला ढहा दिया है। पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता आजम खान की परंपरागत विधानसभा सीट रामपुर सदर पर भाजपा ने गुरूवार को पहली बार कब्जा कर लिया। यहां हुये उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना उर्फ हनी ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी सपा के आसिम रजा को 33 हजार 702 वोटों से हरा दिया।

इस हार के साथ ही समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान के राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यह उपचुनाव उनकी प्रतिष्ठा का भी माना जा रहा था, क्योंकि वे 10 बार यहां चुनाव जीत चुके हैं। सपा को ये सीट जीताने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आजम खान के कंधों पर थी, जिसमें वह चूक गए।

बीते कुछ समय से खान का असर कम होता दिख रहा है। कहा जा रहा है कि रामपुर लोकसभा उपचुनाव में आसिम की हार से संकेत मिलते हैं कि रामपुर पर खान की पकड़ पहले की तरह मजबूत नहीं रही। वहीं, उनके स्वास्थ्य और मुलायम सिंह यादव के निधन ने भी उनकी परेशानियों में इजाफा किया है। अब संभावनाएं जताई जा रही हैं कि ‘नेताजी’ के निधन के बाद पार्टी में उनका दबदबा कम हो सकता है। वहीं, आजम खान बीते दिनों सपा मुखिया से काफी नाराज चल रहे थे। यहां तक कि उन्होंने मीडिया के सामने राजनीति छोड़ने तक की बात तक कह दी थी।