Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पूर्वी यूक्रेन में भीषण गोलाबारी के बीच रूस ने यूक्रेनी रक्षा पंक्ति को ध्वस्त करने के लिए अपने और सैनिकों को उतारा मैदान में।

पूर्वी यूक्रेन में भीषण गोलाबारी के बीच रूस ने यूक्रेनी रक्षा पंक्ति को ध्वस्त करने के लिए अपने और सैनिकों को मैदान में उतार दिया है। यूक्रेनी सेना भी सीविरोडोनेस्क से रूसी सैनिकों को खदेड़ने के लिए गली-गली में फैल चुकी है और उनका पुरजोर मुकाबला कर रही है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक वीडियो संदेश में कहा कि यूक्रेनी सैनिकों की संख्या बढ़ी है और वे आत्मसर्मपण नहीं करने वाले। इस बीच, रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने लुहांस्क के 97 प्रतिशत क्षेत्र को ‘मुक्त’ कराने का दावा किया है। लुहांस्क के गवर्नर शेरी हैदाई ने मंगलवार को बताया कि रूसी सैनिकों ने सीविरोडोनेस्क के तटवर्ती औद्योगिक क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। यह यूक्रेन के आधिपत्य वाले लुहांस्क क्षेत्र का एक प्रमुख शहर है। हैदाई ने कहा, ‘सीविरोडोनेस्क की गलियों में भीषण युद्ध जारी है, जिसने सफलता के मायने बदल दिए हैं।

स्थितियां लगातार बदल रही हैं, लेकिन यूक्रेनी सैनिक हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।’ रूस, यूक्रेन के संपूर्ण डोनबास पर कब्जा करना चाहता है, जिसमें डोनेस्क व लुहांस्क क्षेत्र शामिल हैं। रूस के पास बेहतर हथियार हैं, लेकिन यूक्रेन का दावा है कि उसके बेहतरीन प्रशिक्षित सैनिक रूसी हमलों का मुकाबला करने में सक्षम हैं। रूस सीविरोडोनेस्क के करीब अपने संपूर्ण नियंत्रण वाले लिसिचांस्क पर भी बमबारी कर रहा है। हैदिया ने बताया कि रूसी सैनिक स्थानीय बाजार, स्कूल व कालेज भवनों पर भी बमबारी कर रहे हैं। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस सीविरोडोनेस्क पर कब्जे की हर युक्ति आजमा रहा है।