Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

इस्तीफे के बाद अशोक तंवर ने किया ये बड़ा ऐलान, कांग्रेस की बढ़ी मुश्किल

नई दिल्लीः पिछले दिनों कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने अब बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा को निशाने पर लेते हुए पूरे प्रदेश में कांग्रेस का नाश करने वालों  के खिलाफ प्रचार करने की घोषणा की है। ऐसे में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का भारी नुकसान होता तय माना जा रहा है।

रविवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर रोहतक पहुंचे और यहां पर्यटक केंद्र में उन्होंने केक काटकर जुल्म दिवस मनाया। इसके बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नाश करने वालों के खिलाफ वह पूरे प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे और अभी उनका किसी भी पार्टी में जाने का मन नहीं है।

उन्होंने पूर्व सीएम हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि हरियाणा में पुत्र मोह में पार्टी का सत्यानाश हुआ है। तंवर ने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए दिन-रात काम किया था, लेकिन उनका 5 साल का संघर्ष नहीं दिखा, बल्कि 14 दिन की चौधर देखी गई है। उन्होंने कहा कि वह गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा जाकर देखेंगे कि हाल कैसा है जनाब का और किलोई में कांग्रेस का नाश करने वालों के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे। बता दें कि गढ़ी-सांपला सीट से भूपिंदर सिंह हुड्डा चुनाव लड़ रहे हैं।

तंवर ने कहा कि वह अच्छे प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे फिर चाहे वो किसी भी दल से हों, साथ ही उन्होंने कहा कि जिन्होंने कांग्रेस को तोड़ने का काम किया, उनके खिलाफ अब मेरा सुदर्शन चक्र काम करेगा। अशोक तंवर ने अपने पूरे बयान में पूर्व सीएम हुड्डा को निशाने पर लिया। तंवर ने कहा कि अब वे लोग भी नहीं सो पाएंगे जिन्होंने गलत किया और करवाया है।