Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

ये है अफरीदी की ऑल टाइम वर्ल्डकप की बेस्ट प्लेइंग इलेवन, इन दिग्गज खिलाड़ियों को किया शामिल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने बीते मंगलवार को ऑल टाइम वर्ल्डकप बेस्ट प्लेइंग इलेवन टीम का ऐलान किया है। इस टीम में उन्होंने दुनिया भर की कई दिग्गज टीमों के नामी खिलाड़ियों को शामिल किया है। जिसमें भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जैसी टीमों के मशहूर खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। अफरीदी ने इस टीम में पाकिस्तान के 5 खिलाड़ी, भारत का एक खिलाड़ी, ऑस्ट्रेलिया के 4 खिलाड़ी और साउथ अफ्रीका के 1 खिलाड़ी को शामिल किया है।

इस टीम को उन्होंने बेस्ट टीम का दर्जा दिया है। अफरीदी ने अपनी टीम में पाकिस्तान के जिन पांच खिलाड़ियों को शामिल किया है। उनमें पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सईद अनवर, सकलैन मुश्ताक, वसीम अकरम, शोएब अख्तर और पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक को शामिल किया है। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के भी खिलाड़ियों पर भरोसा किया है।

ऑस्ट्रेलिया के 4 खिलाड़ियों में एडम गिलक्रिस्ट, ग्लेन मैक्ग्रा, पूर्व लेग स्पिनर शेन वॉर्न और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पॉन्टिंग को शामिल किया है। इसके अलावा बेस्ट प्लेइंग इलेवन में भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली को भी जगह दी गई है। वहीं साउथ अफ्रीका के पूर्व महान क्रिकेटर और वर्तमान में आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच जैक कैलिस को भी शामिल किया गया है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस टीम में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन को नहीं शामिल किया गया है और न ही पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को ही स्थान दिया गया है। जबकि इनके अलावा पाकिस्तानी ऑलराउंडर अफरीदी ने विराट कोहली पर ज्यादा भरोसा जताया है।