Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अभिनेता अक्षय कुमार अपने फैंस को इस रक्षाबंधन उपहार देने के लिए तैयार

अभिनेता अक्षय कुमार अपने फैंस को इस रक्षाबंधन उपहार देने के लिए तैयार हैं। यह उपहार उनकी फिल्म ‘रक्षाबंधन’ है। भाई-बहनों को समर्पित फिल्म को रक्षाबंधन के अवसर पर रिलीज किया जा रहा है। रिलीज से पहले फिल्म का ताबड़तोड़ प्रमोशन करते हुए सोमवार को कोलकाता के बाद अभिनेता अक्षय कुमार निर्देशक आनंद एल राय और अपनी आनस्क्रीन चार बहनों के साथ लखनऊ पहुंचे। गोमती नगर के होटल हायत रीजेंसी में रक्षाबंधन की टीम ने फिल्म को लेकर अपनी बात भी रखी। अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि ये मेरे करियर की बेस्ट फिल्म है। यह एक साधारण इंसान की कहानी है, जिसे साधारण तरीके से ही बताया गया है। साधारण चीजों में ही आनंद है। उन्होंने कहा कि फिल्म में हमने भाई-बहन के अटूट प्यार और भावनाओं का खूबसूरत तड़का लगाने की कोशिश की है।

अपनी चार बहनों की जिम्मेदारी लिए एक भाई अपने जीवन में किन मुश्किलों से गुजरता है और कैसे अपने अरमानों को नजरअंदाज करता चला जाता है, यह वाकई में देखने लायक होगा। मैंने लखनऊ में बहुत सी फिल्मों की शूटिंग की है। लखनऊ में जितना अदब और प्यार है, सब लाजवाब है। यहां के खाने का तो कहना ही क्या। बहुत सारा प्यार मिलता है यहां। लखनऊ में शापिंग करने का अपना मजा है। उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी निर्माण के प्रश्न पर अक्षय कुमार ने कहा कि फिल्म सिटी का निर्माण तो हर जगह होना चाहिए। हर शहर में फिल्मों का निर्माण होना चाहिए। हर भाषा में फिल्में बननी चाहिए। यह इसलिए भी जरूरी है क्योंकि फिल्में हमारी संस्कृति को आगे बढ़ाती हैं।