Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

खरीफ फसल 2021 के फसल खराबे की मुआवजा राशि के वितरण कार्य में तेजी लाएं अधिकारी : उपायुक्त अजय सिंह तोमर

सिरसा, 17 फरवरी।

उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि तहसील कालांवाली व नाथूसरी चौपटा में खरीफ फसल 2021 की सफेद मक्खी(कीट हमला) व जल भराव से खराब हुई कपास, मूंग व बाजरा फसल के लिए मुआवजा राशि को संबंधित एसडीएम जल्द से जल्द पात्र किसानों के खातों में जमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने एसडीएम कालांवाली उदय सिंह को निर्देश दिए कि अतिरिक्त स्टॉफ के माध्यम से अवकाश के दिनों में भी कार्य किया जाए ताकि पात्र किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि मिल सके।

ये निर्देश उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की वीडियो कॉफ्रेंस के उपरांत अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा खरीफ फसल कपास, मूंग, बाजरा के फसल खराबे के लिए एसडीएम कालांवाली को 70 करोड़ 65 लाख 59 हजार 894 रुपये की राशि अलॉट कर दी है। उन्होंने बताया कि यह मुआवजा राशि कालांवाली में कीट हमलों से खराब हुई 74,297 एकड़ फसल खराबे के लिए जारी की गई है।

डीआरओ सुरेश कुमार ने बताया कि नाथूसरी चौपटा में फसल खराबे की मुआवजा राशि 3 लाख 78 हजार 878 रुपये में पात्र किसानों के खाते में 2 लाख 6 हजार 290 रुपये की राशि भेजी जा चुकी है और शेष बचे किसानों के खाते में मुआवजा राशि भेजने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि कालांवाली में फसल खराबे की मुआवजा राशि वितरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।