Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

योगी मंत्रिपरिषद में 18 नये चेहरे, मंत्रियों की कुल संख्या 56 हुई

 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के पहले बहुप्रतीक्षित मंत्रिपरिषद का विस्तार बुधवार को हो गया। छह कैबिनेट, छह स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री और 11 राज्यमंत्री समेत कुल 23 मंत्रियों ने आज राजभवन में शपथ ली। नये मंत्रिपरिषद में 18 नये चेहरे शामिल हैं। योगी मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की संख्या अब 56 हो गयी है।

योगी मंत्रिपरिषद में आज जिन 18 नये चेहरों को शामिल किया गया है, उनमें राम नरेश अग्निहोत्री और कमला रानी वरुण को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्रियों में कपिल देव अग्रवाल, सतीश द्विवेदी, अशोक कटारिया, श्रीराम चैहान और रवींद्र जायसवाल हैं। वहीं राज्यमंत्रियों में सभी 11 मंत्री अनिल शर्मा, महेश गुप्ता, आनंद स्वरूप शुक्ला, विजय कश्यप, गिर्राज सिंह धर्मेश, लाखन सिंह राजपूत, नीलिमा कटियार, चैधरी उदयभान सिंह, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, रमाशंकर सिंह पटेल और अजीत सिंह पाल नये चेहरे के रूप में मंत्रिपरिषद में शामिल हुए हैं।

विधानसभा चुनाव के बाद 19 मार्च, 2017 को जब योगी सरकार ने शपथ ली थी, उस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा दो उप मुख्यमंत्री समेत 24 कैबिनेट मंत्री, नौ स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री और 13 राज्यमंत्रियों के साथ मंत्रिपरिषद की संख्या 47 थी। हालांकि, संख्या बल के हिसाब से प्रदेश में मंत्रियों की संख्या 60 तक हो सकती है।

इसके बाद प्रदेश के तीन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, एसपी सिंह बघेल और सत्यदेव पचैरी ने लोकसभा चुनाव जीतने के बाद मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओमप्रकाश राजभर भी मंत्रिमंडल से निकाल दिये गये थे। इसी तरह भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद परिवहन विभाग के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

इसके अलावा शपथ ग्रहण से पहले वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनुपमा जायसवाल और भूतत्व एवं खनिकर्म राज्य मंत्री अर्चना पांडेय ने इस्तीफा दे दिया।

इस तरह कुल नौ मंत्रियों के हटने के बाद मंत्रियों की संख्या 38 हो गयी थी। आज 23 मंत्रियों को शपथ दिलायी गयी, जिसमें नये मंत्रियों की संख्या 18 है। इसके हिसाब से अब योगी मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की कुल संख्या 56 हो गयी है।