Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

दिल्ली में एक साल में 1400 लड़कियों से दुष्कर्म

 

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस सुरक्षा के दावे तो बड़े-बड़े करती है, लेकिन आंकड़े कुछ और ही कहानी कहते हैं। इस साल हत्या, दुष्कर्म और चोरी की वारदात में इजाफा हुआ है। दिल्ली में अपराध बढ़ने की पुष्टि एफआईआर की संख्या कर रही है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष आठ माह में 40 हजार से ज्यादा एफआईआर दर्ज हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, पिछले वर्ष 15 अगस्त तक दिल्ली में हत्या की 290 घटनाएं दर्ज हुई थीं, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 315 से ऊपर का है। करीब 1400 लड़कियों के साथ दुष्कर्म हुआ है। अन्य अपराध के आंकड़े पिछले साल जैसे ही हैं। इनमें मामूली कमी या बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन हत्या, दुष्कर्म , और चोरी की घटनाओं का ग्राफ इस वर्ष तेजी बढ़ा है।

झपटमारों से पूरी दिल्ली के लोग परेशान है। हालांकि स्नैचिंग के आंकड़ों में मामूली कमी आई है। फिरौती के लिए अपहरण के मामले भी कम हुए हैं। इस वर्ष अब तक सिर्फ अपहरण की 10 वारदात फिरौती के लिए सामने आई हैं। पिछले साल दुष्कर्म के 1376 मामले हुए थे। इस वर्ष यह आंकड़ा 1398 हो गया है। ज्यादातर घटनाओं में अपनों ने ही बहू-बेटियों की आबरू लूटी।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता अनिल मित्तल के अनुसार वर्ष 2017 में चोरी की 1.14 लाख घटनाएं हुई थीं। यह घटनाएं जेब से मोबाइल चुराने और गाड़ी से सामान पार करने की थीं। इस वर्ष चोरों ने सिर्फ आठ माह के भीतर ही वर्ष 2017 का रिकार्ड तोड़ दिया। इस वर्ष 1.17 लाख चोरी की घटनाएं हुईं। पिछले साल अगस्त तक यह आंकड़ा 78 हजार था। वाहन चोरी के मामलों ने भी पिछले साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस वर्ष 15 अगस्त तक 29 हजार वाहन चोरी किए गए। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 27 हजार था।