Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

देश में तितलियों की 1318 प्रजातियां, 35 प्रजातियों के लुप्त होने का खतरा

-पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने लोकसभा में दिया जवाब

नई दिल्ली। तितलियां पर्यावरण की बेहतरी और शुद्धता का प्रतीक है। मौजूदा समय में देश में तितलियों की 1318 प्रजातियां मौजूद हैं। इनमें से 35 प्रजातियां लुप्त होने के कगार पर है और 43 प्रजातियां दुर्लभ श्रेणी में है।

शुक्रवार को लोकसभा में सांसद पीसी मोहन के लिखित सवाल के जवाब में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत से तितलियों की 1318 प्रजातियां दर्ज की गई हैं। देश में तितली की ऐसी कोई प्रजाति नहीं है जो विलुप्त हो गई है। अलबत्ता तितली की 35 प्रजातियां लुप्त होने के कगार पर है और 43 प्रजातियां दुर्लभ श्रेणी में है।

मंत्रालय ने बताया कि तितलियों की संख्या को बढ़ाने के लिए राज्य सरकारों को बटरफ्लाई पार्कों की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। देश में दुर्लभ और लुप्तप्राय तितली प्रजातियों के संरक्षण के लिए पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफ और सीसी) से वित्तीय सहायता के साथ भारत के विभिन्न राज्यों में राष्ट्रीय उद्यान, वन्यजीव अभयारण्य और बायोस्फियर रिजर्व स्थापित हैं। भारतीय प्राणी सर्वेक्षण ने राष्ट्रीय मिशन के तहत हिमालयी क्षेत्र में तितलियों पर अध्ययन किया है।