Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उत्तर प्रदेश के हरदोई में 12 ब्राह्मण परिवारों ने पलायन की दी चेतावनी

ये 12 परिवार कुछ दंबगों से परेशान हैं। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते जमकर पत्थरबाजी हुई थी जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे और पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद एक पक्ष ने अपने घरों की दीवारों पर लिख दिया कि वह लोग पलायन के लिए मजबूर हैं। इस सूचना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के चतरखा-बरनई गांव का है। पलायन की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को समझाने की कोशिश की। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबंगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और पत्थरबाजी की थी। इसके बावजूद इसके दबंगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा दबंगों के कहर से परेशान परिवार पलायन के लिए मजबूर हैं।

फिलहाल मौके पर पुलिस अधिकारी पलायन न करने को लेकर पीड़ित परिवार को मनाने और दबंगो के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कर रहे हैं। आपको बता दें कि दोनों पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में पुलिस ने मामला तो दर्ज किया, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायती पत्र में आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर परिवार के शिव कुमार शुक्ला और गांव के 12 अन्य ब्राह्मण परिवार दहशत में हैं। जिसको लेकर उन्होंने शनिवार को अपने मकान पर लिखवा दिया है कि ‘दबंग ठाकुरों से परेशान ब्राह्मण परिवार पलायन करने को मजबूर है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।