Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सोनिया गांधी से मिले अमरिंदर सिंह, बोले-कांग्रेस आलाकमान का फैसला स्वीकार होगा

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान जो भी फैसला करेगा वह उसे स्वीकार करेंगे।

अमरिंदर सिंह ने आज यहां सोनिया गांधी से मिलने के बाद संवाददाताओं से कहा, “कांग्रेस आलाकमान जो भी फैसला लेगा, हम उसके अनुसार जाएंगे।”

यह पूछे जाने पर कि क्या सिद्धू के लिए किसी महत्वपूर्ण पद पर कोई घोषणा की जाएगी, उन्होंने जवाब दिया,”मैं सिद्धू साहब के बारे में कुछ नहीं जानता, जो भी फैसला होगा, वह कांग्रेस अध्यक्ष करेंगी और जो भी फैसला होगा, चाहे वह कुछ भी हो हम इसका पालन करेंगे।”

अमरिंदर सिंह ने विशेष हेलिकॉप्टर से चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। सोनिया गांधी के साथ उनकी मुलाकात नवजोत सिंह सिद्धू के दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिलने के कुछ ही दिनों बाद हुई है।

पिछले हफ्ते, सिंह ने पंजाब विवाद के समाधान की सिफारिश करने के लिए सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त तीन सदस्यीय पैनल के साथ मुलाकात की थी। हालांकि, वह गांधी परिवार से मुलाकात किए बिना ही चले गए।

गौरतलब है कि इन दिनों पंजाब कांग्रेस के नेताओं में मतभेद चरम पर है। नवजोत सिंह सिद्धू लगातार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साध रहे हैं। पहले वह कोटकपूरा गोलीकांड और बेअदबी मामलों को लेकर सरकार पर हमलावर थे लेकिन अब प्रदेश में गहराए बिजली संकट को उन्होंने मुद्दा बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.