Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सिरफिरे आशिक ने चाकू से गोदकर की नाबालिग की हत्या, सोशल मीडिया पर कबूला अपराध

नागौर (राजस्थान)। जिले के गुढ़ा भगवानदास में प्यार में पागल युवक ने 17 साल की लड़की की चाकू मारकर हत्या कर दी। युवक का पागलपन यहीं नहीं रुका, उसने हत्या के बाद शनिवार रात में फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर कबूल किया कि वो प्यार में पागल था और दोनों की नाकाम हो रही लव स्टोरी को अमर करना चाहता था। घटना के बाद से हत्या का आरोपित विनोद पुत्र पप्पूराम वाल्मीकि मौके से फरार हो गया है।

घटना के समय लिछमा नायक पुत्री उमाराम शौच के लिए जा रही थी। चाकू लगने के बाद लिछमा अपने घर की तरफ भागी, जहां परिजनों ने उसे लहूलुहान हालत में देखा तो अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर देर रात पांचौड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका लिछमा का शव राजकीय जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

वारदात के बाद फरार आरोपित विनोद वाल्मीकि ने रात में फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर वारदात को कबूल कर लिया। उसने वीडियो में कहा कि गुढ़ा भगवानदास में अभी उसके हाथों चाकूबाजी की घटना की गई है। उसने अपने आप को प्यार में पागल बताया और कहा कि चाकू के चार वार उसे भी लगे हैं और वो भी घायल है। लडक़ी को भी चाकू के दो वार लगे हैं। इस घटना में लडक़ी और उसके परिजनों का कुछ लेना देना नहीं है। वीडियो में प्रेमी युवक बोल रहा है कि उसका और लडक़ी का मिलन असंभव हो रहा था, इसलिए दोनों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। अब अगर लडक़ी नहीं बची तो वो भी मर जाएगा। दोनों ने मिलकर अपने प्यार को अमर करने के लिए इस घटना को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.