Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मेरठ में विपक्ष पर बसरे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, कहा-मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे माया-अखिलेश

मेरठ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पंचायत से लेकर केन्द्र तक में भाजपा की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में खजाने का मुंह खुल गया है। इससे उप्र में विकास की गंगा बह रही है और इसमें 24 करोड़ जनता डुबकी लगा रही है। 2022 को लेकर मायावती और अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं।

मेरठ में सर्किट हाउस में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम विकास की बात करते हैं और माया व अखिलेश जाति की बात करते हैं। किसानों के लिए हमने बहुत काम किया है। किसी विरोधी सरकार ने इतना कार्य नहीं किया। सपा-बसपा-रालोद एक होने के बाद भी 2019 में भाजपा की विजय यात्रा को नहीं रोक पाए। गुंडे-माफिया के दम पर अखिलेश भाजपा को नहीं रोक पाएंगे। 2022 और 2024 में भी हम ही जितेंगे।

बिना भेदभाव हो रहा विकास कार्य

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले 75 जिलों का विकास नहीं होता था, अब सभी जिलों का विकास होता है। प्रदेश में बिना भेदभाव विकास कार्य हो रहे हैं। चाहे यदुवंशी हो या रघुवंशी सब हमारे साथ हैं। कांवड़ पथ को चौधरी चरण सिंह के नाम से बना रहे हैं। धन सिंह कोतवाल और सर छोटूराम के नाम से भी मार्ग बनेगा। विपक्ष किसानों के नाम पर राजनीति कर रहा है। मोदी और योगी ने किसानों के लिए बहुत कुछ किया है। पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा तो योगीराज में गुंडागर्दी पर चोट हो रही है।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे कहते हैं कि यूपी का आम अच्छा नहीं लगता। मैं राहुल गांधी से कहूंगा कि अपमान मत करो। अकेले नेहरु और गांधी  महापुरुष नहीं, और भी महापुरुष हैं। कोरोना काल में केंद्र सरकार ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अन्न उपलब्ध कराया।

कार्यकर्ताओं की बात सुनें अधिकारी

केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को पार्टी कार्यकर्ताओं की बात सुनने की हिदायत दी। गुंडे, अपराधी और बलात्कारियों को उप्र पुलिस से डर लगना चाहिए। अपराधियों और भ्रष्टाचारियों पर उप्र सरकार पूरी तरह से सख्त है। किसी को भी बख्शा नहीं जा रहा।

कार्यक्रम के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने गढ़ रोड पर राजराजेश्वरी मंडप में भाजपा नेता स्वर्गीय जगदीश चौधरी की शोकसभा में शामिल हुए। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ विभागीय बैठक की और श्री गुरु मंदिर नंगली साहिब के दर्शन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.