Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

                                        “आत्महत्या का रूप देने को शव फांसी पर लटकाया”

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।
भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम सुजानटांडा में एक हैवान ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर खेत में पहले पत्नी को बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटा और बाद में उसे फांसी पर लटका दिया। षड़यंत्र के तहत घटना को अंजाम देने वाले ने पूरा प्रकरण आत्महत्या का बनाने की कोशिश की, लेकिन मृतका के परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए इस मामले की तहरीर पुलिस को दी, जिसके आधार पर पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। 
 
 
घटना गुरूवार की है। क्षेत्र के गांव सुजान टांडा निवासी शत्रोहन ने ध्यान सिंह, इतवारी सिंह, गजेद्र सिंह, मुखराम आदि के साथ मिलकर पहले अपनी पत्नी लल्ली देवी को गांव के पास स्थित एक खेत में जमकर पीटा। उसके हाथ पैर बांधकर मारा गया, जिससे महिला को गंभीर चोटें आई और वह मरणासन्न हालत में पहुंच गई। पीटने के बाद महिला को घर लाकर फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। हत्या के पीछे का मुख्य कारण महिला के पति का प्रेम-प्रसंग रहा। शत्रोहन का अपने साले की पत्नी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों एक बार घर से भाग भी चुके हैं। बाद में शत्रोहन बिना अपनी पत्नी लल्ली को तलाक दिए इस महिला के साथ एक ही घर में रहने लगा, जिससे आए दिन पति पत्नी में विवाद होता रहता था। अपनी पत्नी से छुटकारा पाने के लिए ही शत्रोहन ने उसकी हत्या की साजिश रची और इसके लिए अपने कुछ साथियों का सहयोग भी उसे मिल गया। इधर गुरूवार को महिला की मौत के बाद अगले दिन शुक्रवार सुबह उसका भाई हरियाणा से आया तो उसने भीरा पुलिस को पति समेत उपरोक्त छह लोगों के खिलाफ बहन को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने और फांसी पर लटकाने की तहरीर दी। एसओ संदीप सिंह ने बताया कि मुकदमा  दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी गई है। खास बात यह है कि कल पुलिस ने इस मामले को आत्महत्या माना था, लेकिन आज मायके पक्ष के आने के बाद मामला पलट गया।