Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

 चौदह साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।

खीरी थाना क्षेत्र में एक बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्चे के परिवारीजनों ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार, खीरी थाना क्षेत्र के ग्राम चाऊपुर निवासी संतराम पाल का बेटा अनुज पाल (14) ब्रहस्पतिवार को रात करीब आठ बजे घर से निकला था। लेकिन लौटकर वापस नहीं आया। देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की लेकिन रात भर खोजबीन के बावजूद उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह गांव के पूर्व प्रधान बाटू भार्गव ने बताया कि गांव के ही निवासी व्यापारी के खेत के निकट चकमार्ग पर एक शव पड़ा है। इस पर संतराम सहित अन्य परिवारीजनों ने मौके पर जाकर देखा तो वह लाश अनुज की निकली। उसका शव खून से लथपथ पड़ा था। बांके से उसकी गर्दन व सिर पर कई वार किए गए थे। घटना स्थल से कुछ दूरी पर ग्लास, चप्पलें व डंडा पड़ा था। घटना के पीछे डेढ़ साल पूर्व हुए एक हत्याकांड की रंजिश का मामला सामने आया है। घटना में संतराम ने गांव के ही रमाकांत मौर्य, दारा सिंह मौर्य, विजय मौर्य पुत्र मुन्ना लाल मौर्य व इनके बहनोई जगसड़ निवासी अतर सिंह मौर्य और अमर सिंह मौर्य समेत छह लोगों के खिलाफ  पुलिस को तहरीर दी है। उसने बताया कि 16 जून 2016 को रमाकांत मौर्य के भाई मुन्ना लाल मौर्य की भी इसी स्थान पर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। इसमें मुन्ना लाल मौर्य की पत्नी फूल देवी ने चाऊपुर निवासी संतराम पाल, श्रीराम, अवधेश व जयराम सहित छह लोगों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था जिसमें दो लोग जेल में हैं। संतराम का आरोप है कि इसी हत्याकांड की रंजिश में रमाकांत व उसके परिवारीजनों ने अनुज की हत्या कर दी है। पुलिस ने संतराम की तहरीर पर मुकदमा लिखकर अनुज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खीरी थाना एसओ आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।