उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू

केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा है परिवर्तन यात्रा को मिल रहे समर्थन और उत्साह से राज्य में कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जनता भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस को जड़ से उखाड़ने को बेताब है। टम्टा रविवार देर शाम ज्वालापुर में परिवर्तन यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे। टम्टा ने कहा कि सीएम के साथ शराब और खनन माफिया खड़े नजर आते हैं। ऐसे में भला वह विकास कैसे करेंगे। माफिया का विकास करके सरकार ने जनता के बीच विश्वसनीयता को खो दिया है। केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य की जनता को नहीं मिल रहा है। भाजपा के सत्ता में लौटने पर ही जनता को लाभ मिलेगा।पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, राज्य की जनता को लूटा जा रहा है। दो माह की बात है, उसके बाद पांच साल के भ्रष्ट शासन का हिसाब कांग्रेस को जनता को देना होगा। विधायक मदन कौशिक ने कहा चुनाव सर्वे में भी भाजपा को बहुमत मिल रहा है।