Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अमर सिंह के खिलाफ उनके भाई ने खोला मोर्चा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के ‘समाजवादी परिवार’ में झगड़े का मुख्य कारण बताए जा रहे सपा महासचिव अमर सिंह के खिलाफ उनके छोटे भाई अरविंद सिंह ने मोर्चा खोल दिया है। अरविंद सिंह ने कहा कि जो व्यक्ति अपने सगे भाई का ना हुआ, वह सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का अपना कैसे हो सकता है।

28_10_2016-amar-singh

अरविंद ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि सपा में चल रहे बवाल के लिये अमर परोक्ष तौर पर जिम्मेदार हैं। अमर को पारिवारिक विवाद कराने में महारत हासिल है। वह अपने परिवार में भी यह कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अमर के कारण ही उनका अपने माता-पिता से मनमुटाव हुआ था। अमर की वजह से ही अमिताभ बच्चन के परिवार में कलह हुआ। साथ ही अमर सिंह ने कई उद्योगपतियों को भी आपस में लड़ाया है।

‘अमर सिंह ने ही रामगोपाल को पार्टी से निकलवाया’

 अरविंद ने कहा कि सपा मुखिया को अपने वश में करके अमर पहले राज्यसभा पहुंचे और फिर दल के महासचिव बन गये। इसके बाद अपने पुराने विरोधी राम गोपाल यादव को सपा से बाहर निकलवाया। अमर अब राम गोपाल की जगह खुद सपा का थिंक टैंक और प्रवक्ता बनना चाहते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि अमर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सत्ता से बाहर करना चाहते हैं, इसलिए वह सपा में कलह करा रहे हैं।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कई बार सार्वजनिक मंचों पर परिवार में जारी झगड़े के लिये अमर सिंह को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं। उन्होंने गत 24 अक्टूबर को सपा मुखिया के सामने अमर सिंह पर साजिश करने का आरोप लगाया था। हालांकि मुलायम अमर के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनपर आरोप लगाने के लिये मुख्यमंत्री को फटकार भी लगा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.