Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सोनिया गांधी व मनमोहन सिंह ने अमित शाह के खिलाफ साजिश की: योगी

लखनऊ। कांग्रेस आतंकवादियों की पैरोकार है। उसे देश हित की कतई चिंता नहीं है। उसे अपने हित के आगे देश की सुरक्षा की भी चिंता नही हैं। ये कहना था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। कांग्रेस पर हमला करते मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब शोहराबुद्दीन मामले में सीबीआई कोर्ट का फैसला आने के बाद बेनकाब कॉग्रेस देश की जनता से माफी मांगे। दरअसल, शोहराबुद्दीन मुठभेड़ कांड में सीबीआइ की विशेष अदालत द्वारा अमित शाह को मिली क्लीन चिट के बाद भाजपा कांग्रेस के प्रति इस तरह हमलावर हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर जमकर वार किया। योगी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को बांबे हाईकोर्ट व सीबीआइ की विशेष अदालत ने शोहराबुद्दीन मामले में दोषमुक्त करार दे दिया लेकिन कांग्रेस षड़यंत्र करके उन्हें हरसंभव फंसाने की कोशिश करती रही। इससे पता चलता है कि कांग्रेस देश के महानुभावों के खिलाफ षड़यंत्र करती है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी व मनमोहन सिंह ने अमित शाह के खिलाफ साजिश की थी। कांग्रेस आतंकियों के हितों के लिए लड़ रही थी और अमित शाह को लॉबिंग कर जेल भिजवाया।

राफेल मामले को लेकर योगी ने कहा कि सिर्फ इतना ही नहीं राफेल मामले पर भी कांग्रेस का झूठ उजागर हो गया है। ये दिखाता है कि यह पार्टी अपने राजनीतिक हितों को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करती है। इसके लिए उन्हें देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।