Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

परिपक्व बयान के साथ रमन सिंह ने दिया इस्तीफा, खुद ली हार की जिम्मेदारी

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने विधानसभा चुनावों में भाजपा की करारी शिकस्त की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। रमन सिंह ने मीडिया से कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को भेज दिया है।

रमन सिंह ने कहा, ‘मैं हार की नैतिक जिम्मेदारी लेता हूं।’ वो बोले, ‘जब पार्टी जीतती है तो श्रेय मुझे मिलता है तो जब पार्टी हारी है तो इसकी जिम्मेदारी भी मैं लेता हूं’। रमन सिंह राज्य में 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने कहा कि वह विपक्ष में रहकर राज्य की सेवा जारी रखेंगे।

राज्य में हुए चुनावों में कांग्रेस की आंधी जैसी दिख रही है। 90 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी 66 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा केवल 17 सीट पर आगे है। बहुजन समाज पार्टी तीन और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने चार सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।

अगर बात दूसरे राज्यों की करें तो मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी कांग्रेस भाजपा से आगे चल रही है। हांलांकि मध्य प्रदेश में बहुमत के 116 सीटों के जादुई आंकड़े से दोनों पार्टियां फिलहाल अछूती हैं। एक ओर भाजपा के प्रवक्ता हार का बचाव कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता जीत से फूले नहीं समा रहे हैं।

लेकिन जीत रही पार्टी कांग्रेस ने अभी तक मध्य प्रदेश या राजस्थान में मुख्यमंत्री के नाम का खुलासा नहीं किया है। खबरें आ रही हैं कि बुधवार को विधायक दल की मीटिंग में मुख्यमंत्री का नाम तय होगा। दोनों ही जगह सपा ने कांग्रेस को अपना समर्थन कांग्रेस को देने का ऐलान किया है और बसपा ने बीजेपी को अपना समर्थन देने से इंकार कर दिया है।