Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

राहुल गांधी को नहीं है पता कहां क्या बोलना चाहिए : मनोज सिन्हा

मेरठ। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा रेल राज्यमंत्री मनोज मनोज सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को कहां क्या बोलना है? इसका भी पता नहीं है। इसी कारण वह हंसी का पात्र बन जाते हैं। उन्होनें कहा कि संसद में भी शालीन व्यवहार करने की बजाय बेतुका आचरण करते हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मेरठ के मातादीन वाल्मीकि परिसर पहुंचे केंद्रीय मंत्री सिन्हा ने राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला और कहाकि संसद में बेवजह बोलकर राहुल गांधी सदन का बहुमूल्य समय नष्ट करते हैं। इतने वर्ष के संसदीय जीवन के बाद उन्हें धीर-गंभीर बन जाना चाहिए था। राफेल डील पर कांग्रेस के शोर मचाने पर उन्होंने कहा कि इस डील में कोई बिचैलिया नहीं था। यह डील सरकार से सरकार के बीच हुई। इसमें पूरी पारदर्शिता बरती गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने कार्यकाल के घोटालों को याद करना चाहिए। जब हर दिन एक नया घोटाला सामने आता था। उस समय नया घोटाला पुराने से बड़ा होता था। इसी कारण कांग्रेस को चारों ओर घोटाले ही घोटाले दिखाई देते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता से काम कर रही है।