Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सुप्रीम कोर्ट की सैर कर सकेगी आम जनता, CJI ने किया गाइडेड टूर प्रोग्राम का ऐलान

नई दिल्ली। देश का उच्चतम न्यायालय यानी सुप्रीम कोर्ट कानूनी मामलों की सुनवाई और अपने फैसलों को लेकर अक्सर सुर्खियों में बना रहता है। भारत की सबसे बड़ी अदालत के फैसले कई मामलों में सीधे तौर पर देश के समूची जनता को प्रभावित करते हैं। भारतीय न्याय व्यवस्था के इस सबसे बड़े और अहम केंद्र को लेकर आम लोगों के मन में अक्सर उत्सुकता होती है। लोग सुप्रीम कोर्ट को देखना चाहते हैं और इसे लेकर हाल ही में अदालत ने एक अहम कदम उठाया है।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में आम लोगों के घूमने के लिए कोर्ट ने गाइडेड टूर की शुरुआत की है। गुरुवार को इसका उद्घाटन मुख्य न्यायधीश रंजन गोगोई ने किया। इसके तहत अब देश का कोई भी नागरिक सुप्रीम कोर्ट में एंट्री कर यहां का नजारा ले सकेेगा और इससे जुड़ी कुछ ख़ास जानकारियां हासिल कर पाएगा।

इसके लिए इच्छुक व्यक्ति सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट www.sci.gov.in पर बुकिंग कर सकता है। एक बार में 20 लोगों को सुप्रीम कोर्ट की सैर करने के लिए ले जाया जाएगा। लोगों को कोर्ट परिसर में सुबह 10 बजे से साढ़े 11 बजे के बीच ही घूमने का मौका मिलेगा।

कोर्ट की सैर बिलकुल मुफ्त होगी। लेकिन कैमरा या कोई बैग साथ ले जाने की इजाजत नहीं होगा। सैलानियों को सुप्रीम कोर्ट में जजों की लाइब्रेरी, कोर्टरूम और म्यूजियम के साथ-साथ कुछ ऐतिहासिक दस्तावेज दिखाए जाएंगे।

खबरों के मुताबिक़ यह टूर हर शनिवार को कराया जाएगा। इसकी शुरुआत (तीन नवंबर) से होगी। इच्छुक लोगों को इसके लिए एडवांस बुकिंग करानी पड़ेगी, जो कि इंटरनेट के जरिए होगी।