Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

11 फरवरी से चार दिन के लखनऊ दौरे पर प्रियंका गांधी, जोरो से हो रही स्वागत की तैयारी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के सियासत में औपचारिक एंट्री लेने के बाद उनका पहला लखनऊ दौरा खास होने वाला है। प्रियंका गांधी 11 फरवरी को राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ आ रही हैं।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव का स्वागत यूपी में किसी त्यौहार की तरह होने वाला है। 23 जनवरी को पार्टी की महासचिव बनने के बाद प्रियंका पहली बार यूपी दौरे पर हैं। पार्टी महासचिव के साथ-साथ प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई हैं।

11 तारीख को यूपी में जब राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की आमद होगी तो बीजेपी खेमे में हलचल होना लाजमी है। अपने नेताओं के आने की तैयारी के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जी-जान से जुट गए हैं। यूपी प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने नेताओं की बैठक में प्रियंका गांधी के रोड शो का मार्ग फाइनल करते हुए आसपास के जिलों से भीड़ जुटाने के निर्देश दे दिए है। सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद करने के लिए एसपीजी ने मुख्यालय में डेरा डाल दिया है।

रोड शो के दौरान सोमवार सुबह दस बजे अमौसी एयरपोर्ट पर कार्यकर्ता प्रियंका-राहुल-सिंधिया का स्वागत करेंगे और फिर इसके बाद प्रियंका-राहुल और सिंधिया का काफिला कानपुर रोड, शहीद पथ तिराहा, पुरानी चुंगी, विजय नगर रोड, कृष्णा नगर, बाराबिरवा, सुभाष नगर रोड, अवध अस्पताल, सिंगार नगर गेट, बेलेन्ड स्क्वायर, बापू भवन, विधानसभा होते हुए कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेगा।

हालांकि राहुल गांधी 11 फरवरी को ही वापस लौट जाएंगे जबकि प्रियंका और सिंधिया 12, 13 और 14 फरवरी को भी लखनऊ में ही रहेंगे।प्रियंका गांधी को कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक मानने वालों के मुताबिक लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपने की खास वजह है।

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट वाराणसी पूर्वी उत्तर प्रदेश में ही है और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वजह से गोरखपुर को भी बीजेपी की पारंपरिक सीट माना जाता है।