Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

RLD ने तीन सीटों पर उतारे प्रत्याशी, मुजफ्फरनगर से चुनाव लड़ेंगे अजीत सिंह

महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोकदल ने मंगलवार को अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। RLD की ओर से मंगलवार को जारी की गई सूची में बागपत, मुजफ्फरनगर और मथुरा की सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गई है। इन तीनों सीटों पर आरएलडी बीएसपी और एसपी के समर्थन के साथ चुनाव लड़ेगी। मंगलवार को जारी टिकटों की सूची में पार्टी अध्यक्ष अजीत चौधरी को पश्चिम यूपी की प्रतिष्ठित मुजफ्फरनगर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।

अजीत सिंह के अलावा आरएलडी नेता जयंत चौधरी को बागपत सीट से टिकट दिया गया है। इसके अलावा मथुरा सीट से कुंवर नरेंद्र सिंह को पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है। इससे पहले कैराना की सीट पर आरएलडी की प्रत्याशी तबस्सुम हसन को उपचुनाव में जीत मिली थी, जिन्हें इस बार महागठबंधन की ओर से इसी सीट का प्रत्याशी बनाया गया है। हालांकि तबस्सुम हसन कैराना की सीट पर समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली हैं।

मुजफ्फरनगर सीट पर समाजवादी पार्टी (एसपी), बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) और राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) गठबंधन की तरफ से चौधरी अजित सिंह चुनाव मैदान में हैं। यह चुनाव अजित सिंह की चौधराहट की असली परीक्षा लेगा। मुजफ्फरनगर दंगों के बाद आरएलडी का वोटबैंक पूरी तरफ से बिखर चुका है। वर्ष 2013 में दंगे के बाद ध्रुवीकरण और मोदी लहर में बीजेपी ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में यह सीट 4,01,135 मतों से जीती थी। अभी आरएलडी अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। अगर गठबंधन यह सीट निकाल लेता है तो यह चौधरी परिवार की राजनीति के लिए संजीवनी का काम करेगी। इस लिहाज से इस सीट पर पूरे देश की नजर रहेगी।

अजीत चौधरी के बेटे जयंत चौधरी इस बार बागपत सीट से प्रत्याशी बनाए गए हैं। जाटों का गढ़ माने जाने वाले बागपत में आरएलडी को बड़ा झटका तब लगा, जब पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रमुख अजित सिंह को यहां से हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी के सत्यपाल सिंह ने इस सीट से 2 लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। इस बार इस सीट पर पूरे देश की नजर रहेगी। माना जा रहा है कि बीजेपी यहां से एक बार फिर सत्यपाल सिंह को मौका दे सकती है।