Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

49 साल की उम्र में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई कर ‘शेरपा’ ने बनाया यह रिकॉर्ड

काठमांडू। एक तरफ जहां इंसान 50 साल की उम्र के करीब पहुंचते ही बीमारियों का शिकार होने लगता है और जल्दी ही काम से रिटायरमेंट लेने की सोचता है। वहीं 49 साल की उम्र में नेपाल के एक शख्स ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की है। 49 साल के कामी रीता शेरपा ने 23वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की है। उन्होंने बुधवार सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर एवरेस्ट पर चढ़ाई की और इसके साथ वह रिकॉर्ड 23 बार चढ़ाई के साथ अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

शेरपा ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर 23वीं बार सफलता पूर्वक चढ़ाई की है और उसके साथ ही वह अब इस सबसे ऊंची चोटी पर सबसे ज्यादा बार कामयाबी के साथ पहुंचने वाले दुनिया के एकमात्र शख्स बन गए हैं। यह एक विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने इस रिकॉर्ड के जरिए अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले भी माउंट एवरेस्ट पर सबसे ज्यादा बार सफलता पूर्वक चढ़ने का रिकॉर्ड भी शेरपा के नाम ही दर्ज था।

अपनी इस उपलब्धि पर शेरपा का कहना है कि उन्हें अहसास नहीं था कि वह दुनिया के सबसे अनुभवी एवरेस्ट पर्वतारोही बन जाएंगे। वह कहते हैं कि वह इतिहास बनाने की कोशिश इसलिए करते हैं, ताकि उनके देश और उनके समुदाय के लोगों को उन पर गर्व हो।

गौरतलब हो कि शेरपा ने साल 1994 में पहली बार माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। जिसके बाद विदेशी पर्वतारोही अक्सर ही एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए अनुभवी शेरपाओं की मदद लिया करते हैं। जिसके बाद से कामी रीता शेरपा ने भी लगातार 23 बार माउंट एवरेस्ट पर सफलता पूर्वक चढ़ाई की और यह खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।