Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मिशन चंद्रयान-2 इस तारीख को होगा लॉन्च! रॉकेट में आई तकनीकी खामी हुई दूर

चेन्नई। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्था (इसरो) ने अपने जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल मार्क-3 (जीएसएलवी मार्क-3) में आई तकनीकी खराबी को ठीक कर लिया है। अब जल्द ही भारत अपने चंद्रयान-2 मिशन को आगे बढ़ा सकता है। हालांकि इसरो की ओर से रॉकेट की स्थिति के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

इसरो के एक अधिकारी ने बताया कि रॉकेट के लांच के लिए कई तारीखों पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लांच की तिथि 20 से 23 जुलाई के बीच रखी जा सकती है।

गौरतलब हो कि सोमवार को चंद्रयान-2 को अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरनी थी, मगर अंतिम समय में आई तकनीकी खराबी के कारण इसे निरस्त कर दिया गया था। इसरो ने तब कहा था कि जल्द ही हम तकनीकी खामी को दूर कर उड़ान की अगली तारीख की घोषणा करेंगे।

एजेंसी अधिकारियों से पता चला है कि गड़बड़ी को सुधार लिया गया है। इसरो ने ट्वीट किया, “इसरो को प्रक्षेपण से एक घंटा पहले एक तकनीकी खराबी का पता चला। एहतियात के तौर पर चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण को रोक लिया गया। संशोधित प्रक्षेपण तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।”