Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

IPL 10: रोहित ने धोनी, सचिन, गंभीर को पीछे छोड़, रचा नया इतिहास

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल के दसवें सीजन में अपने बल्ले से भले ही कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं लेकिन उनकी कप्तानी में मुंबई सफलता की नई ईबारत लिख रही है। इस सीजन में अब तक खेले सात मैचों में से 6 में मुंबई को लगातार जीत हासिल हुई हैं इसकी वजह से रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। 

आईपीएल में रोहित ने अब तक 65 मैचों में कप्तानी की है जिसमें 40 में उन्हे जीत और 25 मैचो में हार का सामना करना पड़ा है। उनकी कप्तानी में  मुंबई की जीत का प्रतिशत 61.53 है। यह आईपीएल में 20 से ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले कप्तानों में सबसे अच्छा जीत प्रतिशत है। 

इससे पहले यह रिकॉर्ड मुंबई के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। सचिन ने 51 मैचों में मुंबई की कमान संभाली थी। जिनमें से 30 में मुंबई को जीत और 21 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। बतौर कप्तान उनका जीत प्रतिशत 58.82 है। 

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं। आईपीएल के पहले 9 सीजन धोनी बतौर कप्तान खेले। दसवें सीजन में वह पहली बार बतौर खिलाड़ी खेल रहे हैं। धोनी ने अपनी कप्तानी में 143 में से 83 मैचों में जीत हासिल की  जबकि 59 मैचों में उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा और एक मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ। धोनी का जीत प्रतिशत 58.45 रहा। मैचों की संख्या के हिसाब से वह आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच जीतने और सबसे ज्यादा मैच हारने वाले कप्तान भी हैं। 

कोलकाता नाईट राइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर ने आईपीएल में अब तक 113 मैचों में कप्तानी की है। गंभीर ने बतौर कप्तान 65 मैचों में जीत हासिल की है जबकि 47 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। उनकी जीत का प्रतिशत 57.96 है। सबसे ज्यादा संख्या में मैच जीतने और हारने के मामले में वह धोनी के बाद दूसरे पायदान पर हैं।   

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.