Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

केरल की मदद को आगे आया गूगल, फेसबुक से चार गुना ज्यादा किया डोनेट

केरल में बाढ़ का प्रकोप खत्म हो चुका है और पानी उतर गया है। लेकिन इस ऐतिहासिक बाढ़ ने राज्यों को हजारों करोड़ का नुकसान पहुंचाया है वहीं लाखों लोगों को बेघर कर दिया है। हालांकि केरल की मदद के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और देश के तमाम नागरिकों समेत बड़ी-बड़ी संस्थाएं भी आगे आकर डोनेशन कर रही है। इसी क्रम में दुनिया की सबसे बड़ी सर्च इंजन कंपनी गूगल ने भी केरल में राहत कार्यों के लिए 10 लाख डॉलर (करीब सात करोड़ रुपये) का योगदान देने का ऐलान किया है। गूगल के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गूगल ने 10 लाख डॉलर दिये

गूगल फॉर इंडिया कार्यक्रम में दक्षिणपूर्व एशिया व भारत के उपाध्यक्ष राजन आनंदन ने कहा, “गूगल डॉट ओआरजी और गूगल के कर्मचारी केरल में राहत कार्य के लिए 10 लाख डॉलर का योगदान देंगे।” इसके अलावा भी गूगल ने केरल बाढ़ पीड़ितों के मदद के लिए कई नए प्लान पर काम शुरू किया है। राजन आनंदन ने कहा कि गूगल के अन्य प्लान की वजह से लोगों को खोजने में मदद हुई है। जिसकी वजह से 22,000 लोगों को खोजा गया है।

गूगल ने केरल को दिया फेसबुक से चार गुना सहायता राशि

गौरतलब हो कि कुछ दिनों पहले ही फेसबुक ने केरल की मदद के लिए 2,50,000 डॉलर (1.75 करोड़ रुपये) डोनेशन दिए थे। फेसबुक ने भी गूंज नाम के एनजीओ के माध्यम से यह योगदान दिया था। जबकि गूगल ने फेसबुक से करीब 4 गुना ज्यादा 10 लाख डॉलर यानी करीब 7 करोड़ रुपए का योगदान दिया है। निश्चित तौर पर इन संस्थाओं द्वारा की गई इन आर्थिक मदद से केरल के बाढ़ पीड़ितों की काफी मदद होगी।

केरल बाढ़ से राज्य को हुआ 2 हजार करोड़ का नुकसान

इससे पहले केरल के मुख्यमंत्री ने बाढ़ से राज्य में करीब 2000 करोड़ का नुकसान की बात कही थी। वहीं, केरल में इस तबाही से 300 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। करीब 2 लाख बेघर हो चुके हैं। राज्य में आई बाढ़ से 3 लाख लोग प्रभावित हैं।