Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को खर्च करने होंगे ज्यादा रुपए, कीमतों में हुई बढ़ोतरी

नई दिल्ली। एक तरफ जहां लोकसभा चुनाव के बीच तमाम राजनीतिक पार्टियों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह-तरह के वादे कर रहे हैं, वहीं इसके बीच अब लोगों को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल पब्लिक सेक्टर की तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी सब्सिडी और गैर सब्सिडी दोनों तरह के सिलेंडरों पर की गई है। गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतें 1 मई यानी आज से ही लागू हो चुकी हैं।

नए फैसले के मुताबिक गैर सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलेंडर के लिए अब उपभोक्ताओं को 6 रुपए प्रति सिलेंडर ज्यादा चुकाने होंगे और सब्सिडी वाले सिलेंडर पर यह बढ़ोतरी 22.5 रुपए प्रति सिलेंडर की गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद नई दिल्ली में रहने वाले उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर लेने के लिए 502 रुपए का भुगतान करना होगा। इसके अलावा कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के लिए भी उपभोक्ताओं को 730 रुपए चुकाने होंगे।

गौरतलब हो कि इससे पहले 1 अप्रैल को भी गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय में भी यह बढ़ोतरी काफी ज्यादा थी। 1 अप्रैल को की गई बढ़ोतरी में सब्सिडी वाले सिलेंडर पर 5 रुपए प्रति सिलेंडर और गैर सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर पर 25 पैसे प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं इसके एक माह बीतने के बाद ही उपभोक्ताओं को एक बार फिर से झटका लगा है। बीते दिनों हुई बढ़ोतरी के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा था कि तेल कंपनियां इतनी जल्दी गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी नहीं करेंगी लेकिन इसके ठीक एक माह बाद यानी 1 मई से ही नई कीमतें लागू कर दी गई हैं।