Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भुगतान के अभाव में फीकी रही किसानों की दीपावलीःजितिन प्रसाद

देव श्रीवास्तव/लखीमपुर-खीरी।

                            |पूर्व केंद्रीय मंत्री ने धौरहरा में की जनसभाएं|

किसानों की दीपावली फीकी रही। केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों को दीपावली के पहले गन्ने का भुगतान तो किया ही नहीं साथ ही धान की सेंटरों पर खरीददारी न हो पाने के कारण किसानों की दीपावली इस बार भाजपा सरकारों के कारण फीकी रही। किसान पहले तो अपने गन्ने के भुगतान के लिए मिलों के चक्कर लगाता रहा। पर अभी तक किसानों के पिछले सीजन के गन्ने का भुगतान नहीं हो पाया है। मिल नए सत्र की पेराई के लिए तैयार हो रही है। किसानों की समझ में नहीं आ रहा है कि वह क्या करे। उक्त विचार पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने धौरहरा विधान सभा के गांवों में सभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा। 

किसान, नौजवान, महिलाएं सभी परेशान हैं

  • जितिन प्रसाद ने कहा कि आज किसान, नौजवान, महिलाएं सभी परेशान हैं। चुनाव से पहले भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए थे। चुनाव बीतने के बाद भाजपा सरकारें अपने जनता के बीच किए गए सभी वादों को भूल गई है। जहां किसान अपनी फसल, धान बेंचने के लिए साहूकारों के पास जा रहा है वहीं पर साहूकार और बिचौलिए मिलकर किसानों के खून पसीने की कमाई का फायदा उठा रहे हैं। जितने भी धान खरीद सेंटर हैं वह सभी कागजों पर चल रहे हैं।
  • प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से सेंटरों पर सीधे किसानों से खरीददारी न होकर बिचौलिए और साहूकार अपना धान बेंच रहे हैं और कमाई कर रहे हैं। वहीं किसान अपने परिवार को चलाने में अपने आपको असमर्थ महसूस कर रहा है। दीपावली के त्यौहार पर भी किसान इच्छानुसार अपने परिवारों को खुशियां नहीं दे पाया। निश्चित रूप से यह किसानों, नौजवानों और महिलाओं के साथ भाजपा सरकार का छलावा है।
  • नौजवान आज रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहा है। उसे कहीं भी रोजगार नहीं मिल पा रहा है। वहीं महिलाओं की भी स्थिति ठीक नहीं है। सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जितिन प्रसाद ने ग्राम गुरगुट्टा, लोहरीपुर, गजइया, बस्तौरीपुरवा, भौव्वापुर व हरदी में सभाओं को सम्बोधित किया। इससे पहले लखीमपुर में वरिष्ठ कांग्रेसी पंकज शुक्ला के आवास पर कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श भी किया।
  • इस दौरान उनके साथ पप्पू वर्मा, राजेश अवस्थी, जमाल अहमद, बाबूराम, कमलेश मिश्र, सुशील श्रीवास्तव, सर्वेश जीते भार्गव, चंद्रेश यादव, महेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, दिनेश सिंह, जेपी यादव, उत्तम लोधी, अयूब, जगदीश शुक्ला व राजेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।