Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

राफेल सौदे का विरोध कर कांग्रेस देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही:प्रकाश जावड़ेकर

लखनऊ। केंद्र की मोदी सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्री ने आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस को राफेल मुद्दे पर घेरा। कांग्रेस के खिलाफ पोल-खोल अभियान के तहत केंद्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को राजधानी स्थित भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि, फ्रांस से 36 लड़ाकू विमानों की खरीद का विरोध कर कांग्रेस देश की सुरक्षा तैयारियों से खिलवाड़ कर रही है। कांग्रेस सरकार तो भ्रष्टाचार में डूबी थी, लेकिन भाजपा सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ है। सच्चाई की जीत हुई है। क्योंकि इस बार रक्षा सौदा किसी बिचौलिए के माध्यम से नहीं, बल्कि सरकार ने सीधा खरीद की है। राफेल का सौदा सरकार और सरकार के बीच हुआ है।

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलने की मुहिम चलाई है। सात सौ करोड़ का विमान 16 सौ करोड़ रुपए में लेने का आरोप लगाया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सारी स्थिति को साफ करते हुए क्लीन चिट दे दी है। यूपीए ने जो कीमत तय की थी, उससे नौ फीसदी कम रही है। कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हुआ है।

60 हजार करोड़ में से 30 हजार करोड़ का माल भारतीय कंपनियों से खरीदा गया है। कंपनी ने 50 कंपनियां तय कीं, उससे भारत सरकार का कोई सरोकार नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने भी यह कह दिया है कि अच्छे विमानों की जरुरत है। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि, इसमें आगे जांच की कोई जरूरत नहीं है, तब भी कांग्रेस इसमें अपनी मांग (जेपीसी जांच) को लेकर अड़ियल रूख अपनाए हुए है।

जावड़ेकर ने कहा कि केवल एक ही निष्कर्ष निकाला जा सकता है, वह यह कि कांग्रेस चाहती है कि सौदे को रोक दिया जाए, जिससे देश की सुरक्षा तैयारियां कमजोर हो जाएं। हम ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सात साल, 2014 तक इस सौदे को लटकाए रखा। उन्हें इसे पूरा करना चाहिए था, लेकिन वे अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे। राहुल गांधी को राफेल सौदे में अनियमितताओं के अपने आरोपों को लेकर देश, सैन्य बलों और संसद से माफी मांगनी चाहिए।

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि, राफेल डील में कोई बिचौलिया नहीं है। सरकार और सरकार के बीच यह सौदा हुआ है। कांग्रेस के चार झूठ खुल गए। सच्चाई की जीत हुई है। कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी थी, लेकिन मोदी सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ है। कांग्रेस सदन में चर्चा से भाग रही है। सदन में चर्चा होनी चाहिए। हम झूठ कैंपने का जोरदार जवाब देंगे।